डॉन 3 विवाद में नया मोड़, रणवीर सिंह ने FWICE के असहयोग निर्देश के खिलाफ भेजा कानूनी नोटिस

फरहान अख्तर की फिल्म डॉन 3 को लेकर विवाद अब कानूनी मोड़ ले चुका है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर सिंह ने FWICE द्वारा जारी असहयोग निर्देश (NCD) के खिलाफ कानूनी नोटिस भेजा है. इस घटनाक्रम के बाद फिल्म इंडस्ट्री में हलचल तेज हो गई है.

calender

नई दिल्ली: फरहान अख्तर की बहुप्रतीक्षित फिल्म डॉन 3 को लेकर जारी विवाद अब कानूनी मोड़ लेता नजर आ रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता रणवीर सिंह ने फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) द्वारा जारी असहयोग निर्देश (NCD) के खिलाफ कानूनी नोटिस भेजा है. इस घटनाक्रम ने फिल्म इंडस्ट्री में नई चर्चा को जन्म दे दिया है.

बताया जा रहा है कि रणवीर सिंह के इस कदम के बाद FWICE भी सक्रिय हो गया है. फेडरेशन ने मामले पर चर्चा करने और अपना पक्ष रखने के लिए मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने का फैसला किया है.

FWICE को मिला कानूनी नोटिस

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, FWICE के मुख्य सलाहकार अशोक पंडित ने पुष्टि की है कि फेडरेशन को रणवीर सिंह की ओर से कानूनी नोटिस प्राप्त हुआ है. उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले पर विचार-विमर्श के लिए संगठन एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा.

डॉन 3 से जुड़े विवाद ने पिछले कुछ समय से फिल्म जगत का ध्यान अपनी ओर खींच रखा है और अब कानूनी कार्रवाई के बाद मामला और गंभीर होता दिखाई दे रहा है.

क्यों जारी किया गया था असहयोग निर्देश?

मई 2026 में FWICE ने रणवीर सिंह के खिलाफ असहयोग निर्देश जारी किया था. फेडरेशन का यह कदम कथित तौर पर अभिनेता के डॉन 3 परियोजना से अंतिम समय में अलग होने के विरोध में उठाया गया था.

इस कार्रवाई की शुरुआत इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन (IFTDA) द्वारा भेजी गई शिकायत के बाद हुई थी. बताया गया कि यह शिकायत फरहान अख्तर ने 11 अप्रैल 2026 को दर्ज कराई थी, जिसके बाद मामले को आगे की कार्रवाई के लिए FWICE को भेजा गया.

FWICE ने बयान में क्या कहा?

एएनआई द्वारा साझा की गई प्रेस विज्ञप्ति में फेडरेशन ने कहा था कि उसने शिकायत को गंभीरता से लिया है और मामले की समीक्षा के बाद कार्रवाई का निर्णय लिया है.

बयान में कहा गया है, "फेडरेशन और परियोजना से जुड़े हितधारकों के प्रति प्रदर्शित आचरण को देखते हुए, एफडब्ल्यूआईसीई कार्यालय ने श्री रणवीर सिंह के खिलाफ असहयोग निर्देश (एनसीडी) जारी करने का संकल्प लिया है."

रणवीर सिंह की ओर से आया जवाब

विवाद बढ़ने के बाद रणवीर सिंह की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई. अभिनेता के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि रणवीर ने पूरे मामले में संयम बनाए रखा है और सार्वजनिक बहस में शामिल होने से बचते रहे हैं.

प्रवक्ता ने कहा, "रणवीर सिंह फिल्म जगत और डॉन फ्रैंचाइज़ से जुड़े सभी लोगों का बहुत सम्मान करते हैं. डॉन 3 से जुड़े हालिया घटनाक्रमों के दौरान, उन्होंने जानबूझकर चुप्पी साधे रखी, क्योंकि उनका मानना है कि पेशेवर चर्चाओं और व्यक्तिगत संबंधों को गरिमा, परिपक्वता और आपसी सम्मान के साथ ही संभालना चाहिए. हालांकि समय के साथ कई तरह की बातें और अटकलें सामने आई हैं, लेकिन रणवीर ने कभी भी सार्वजनिक रूप से जवाब देना या अटकलों में योगदान देना जरूरी नहीं समझा. उनका पूरा ध्यान अपने काम और आने वाली परियोजनाओं पर है. वे इसमें शामिल सभी लोगों के लिए गहरा सम्मान और सद्भावना रखते हैं और फ्रैंचाइज़ की निरंतर सफलता की कामना करते हैं. ऐसे क्षणों में संयम और शालीनता बनाए रखना हमेशा से उनका सचेत निर्णय रहा है, और वे इसी रुख को बनाए रखेंगे." First Updated : Wednesday, 03 June 2026