रिलीज से पहले विवादों में फिल्म धुरंधर, दिल्ली HC पहुंचे शहीद मेजर मोहित शर्मा के माता-पिता

बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह की अगामी फिल्म धुरंधर 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. फैंस इस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित हैं. हालांकि, फिल्म की रिलीज से पहले फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग उठी है.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

मुंबई  : रणवीर सिंह की आगामी फिल्म धुरंधर इस समय सोशल मीडिया से लेकर फिल्म इंडस्ट्री तक चर्चा का केंद्र बनी हुई है. जहां एक ओर फैंस 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली इस फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हैं, वहीं दूसरी ओर फिल्म मुश्किलों में फंसती दिखाई दे रही है. रिलीज से कुछ ही दिन पहले फिल्म पर रोक लगाने की मांग तेज हो गई है और मामला अब दिल्ली हाईकोर्ट तक पहुंच चुका है.

शहीद मेजर मोहित शर्मा के परिवार की आपत्ति

आपको बता दें कि बार एंड बेंच की रिपोर्ट के अनुसार, अशोक चक्र और सेना मेडल से सम्मानित शहीद मेजर मोहित शर्मा के माता-पिता ने दिल्ली हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की है. उनका कहना है कि धुरंधर की कहानी और किरदार स्पेशल फोर्स के अधिकारी मेजर मोहित शर्मा की जिंदगी, उनके सीक्रेट ऑपरेशन्स और उनकी शहादत से काफी हद तक प्रेरित लगते हैं, जबकि फिल्म निर्माताओं ने न तो भारतीय सेना से और न ही परिवार से किसी भी प्रकार की अनुमति ली. परिवार का आरोप है कि मीडिया में फिल्म को लगातार मेजर शर्मा से जोड़ा जा रहा है, लेकिन निर्देशक और निर्माता इस तथ्य को सार्वजनिक रूप से मानने से बच रहे हैं और फिल्म पर काम करते समय परिवार से एक बार भी राय नहीं ली गई.

अदालत में रखी गई मुख्य मांग
याचिका में केंद्र सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, सीबीएफसी, एडीजीपीआई, फिल्म के निर्देशक और सह-निर्माता आदित्य धर तथा प्रोड्यूसर जियो स्टूडियोज को पक्षकार बनाया गया है. याचिकाकर्ताओं ने अदालत से आग्रह किया है कि फिल्म की रिलीज पर तब तक रोक लगाई जाए, जब तक मेजर शर्मा के परिवार को फिल्म की एक प्राइवेट स्क्रीनिंग न दिखाई जाए. परिवार ने यह भी अनुरोध किया है कि भविष्य में किसी भी शहीद सैनिक के जीवन पर आधारित फिल्म बनाने से पहले सेना और संबंधित परिवार की अनुमति को अनिवार्य बनाया जाए, ताकि शहादत की गरिमा बनी रहे और तथ्यों के गलत चित्रण से बचा जा सके.

मेजर मोहित शर्मा से जुड़े होने पर निर्देशक की सफाई
लंबे समय से अफवाहें थीं कि धुरंधर की कहानी मेजर मोहित शर्मा के जीवन से प्रेरित है, जिससे जनता और मीडिया में यह धारणा मजबूत होती जा रही थी कि फिल्म उनके गुप्त अभियानों पर आधारित है. हालांकि, 26 नवंबर को निर्देशक आदित्य धर ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इस बात को सिरे से खारिज कर दिया. उनका कहना था कि फिल्म का मेजर शर्मा की असल जिंदगी से कोई संबंध नहीं है. बावजूद इसके, परिवार को इस पर यकीन नहीं है और उनका मानना है कि कहानी और पात्रों में कई समानताएँ स्पष्ट रूप से दिखाई देती हैं.

अदालत के फैसले का इंतजार
अब मामला अदालत में है और फिल्म निर्माताओं के लिए अगले कुछ दिन बेहद अहम होने वाले हैं. हाईकोर्ट इस याचिका पर क्या फैसला देता है, यह देखना दिलचस्प होगा. फैंस रिलीज़ को लेकर उत्साहित हैं, लेकिन परिवार की आपत्तियों ने फिल्म को एक संवेदनशील विवाद के घेरे में ला खड़ा किया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो