गोविंदा, शक्ति कपूर, चंकी पांडे और मनोज तिवारी पर धोखाधड़ी का लगा आरोप, सैकड़ों करोड़ घोटाले में FIR दर्ज
मनोरंजन जगत के मशहूर अभिनेता गोविंदा, शक्ति कपूर, चंकी पांडे और भाजपा सांसद मनोज तिवारी का नाम निवेश घोटाले में सामने आया है. घोटाले में सैकड़ों करोड़ का नुकसान हुआ है.

नई दिल्ली: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा, शक्ति कपूर, चंकी पांडे और भाजपा सांसद मनोज तिवारी का नाम एक बड़े निवेश घोटाले में सामने आया है. यह मामला गाजियाबाद स्थित कंपनी मैक्सिजोन टच प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, झारखंड के जमशेदपुर में एक शिकायत के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है, जिसमें इन नामी हस्तियों को भी शामिल किया गया है. निवेशकों का आरोप है कि कंपनी ने उन्हें लुभाने के लिए इनसे प्रमोशन करवाया था.
घोटाले की शुरुआत और शिकायत
यह मामला तब सुर्खियों में आया जब जमशेदपुर की एक अदालत में निवेशकों की शिकायत पर पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया गया. शिकायतकर्ताओं ने कहा कि मैक्सिजोन टच कंपनी ने निवेश पर हर महीने 15% रिटर्न देने का वादा किया था लेकिन न तो ब्याज मिला और न ही मूल रकम वापस हुई.
कई निवेशकों ने लाखों रुपये गंवाए. एक शिकायत में 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी का जिक्र है, जबकि कुल घोटाले की रकम सैकड़ों करोड़ तक बताई जा रही है.
इन नामी लोगों का नाम कैसे जुड़ा
एफआईआर में गोविंदा, चंकी पांडे, शक्ति कपूर और मनोज तिवारी सहित कई लोगों का नाम है. आरोप है कि इनकी लोकप्रियता का फायदा उठाकर कंपनी ने निवेशकों को लुभाया. ये लोग कंपनी के प्रमोशनल कामों में शामिल थे, जिससे लोग भरोसा करके पैसे लगाते थे. हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि वे कितने गहराई से जुड़े थे या सिर्फ ब्रांड एंडोर्समेंट किया था. पुलिस जांच जारी है और इनसे पूछताछ हो सकती है.
कंपनी के डायरेक्टर्स गिरफ्तार
सितंबर 2025 में जमशेदपुर पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टर्स चंदर भूषण सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका सिंह को गिरफ्तार किया था. आरोप था कि वे एमएलएम स्कीम चला रहे थे और अवैध तरीके से फंड जुटा रहे थे. दोनों तीन साल से फरार थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें ट्रेन से पकड़ा. इसके अलावा, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कंपनी से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की थी. ईडी का मामला 600 करोड़ रुपये के निवेश और क्रिप्टोकरेंसी फ्रॉड से जुड़ा है.
इन कलाकारों की पहचान
गोविंदा: 90 के दशक के सुपरस्टार, 'राजा बाबू', 'कुली नंबर 1', 'पार्टनर' जैसी फिल्मों से मशहूर.
चंकी पांडे: वर्तमान में 'राहु केतु' फिल्म में काम कर रहे हैं.
शक्ति कपूर: विलेन और कॉमेडी रोल्स के लिए जाने जाते हैं, जैसे 'कुर्बानी', 'अंदाज अपना अपना', 'चुप चुप के'.
मनोज तिवारी: भोजपुरी सुपरस्टार, गायक और दिल्ली से भाजपा सांसद.


