अजीत पवार की अंतिम विदाई में शर्मनाक हरकत! 15 लोगों के गले से 25-30 लाख का सोना गायब
अजीत पवार के राजकीय सम्मान के साथ हुए अंतिम संस्कार में लाखों लोग शामिल हुए. भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने करीब 15 लोगों की सोने की चेन छीन ली, जिसकी कीमत 25-30 लाख रुपये बताई गई है. पुलिस जांच जारी है.

बारामती: अपने प्रिय नेता को आखिरी विदाई देने के लिए बारामती में जनता की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. हर तरफ शोक का माहौल था, लेकिन इसी गमगीन माहौल के बीच कुछ असामाजिक तत्वों ने भीड़ का फायदा उठाकर ऐसी हरकत कर दी, जिसने सभी को हैरान और नाराज कर दिया. अंतिम संस्कार के दौरान कई लोगों की सोने की चेन चोरी हो गईं.
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार का 28 जनवरी को विमान हादसे में निधन हो गया था. उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया. इस दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों से लाखों लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे.
भीड़ का फायदा उठाकर बड़ी चोरी
इसी भारी भीड़ के बीच चोरों के एक गिरोह ने लोगों को निशाना बनाया. जानकारी के अनुसार, करीब 15 लोगों के गले से सोने की चेन झपट ली गईं. चोरी हुए गहनों की कीमत लगभग 25 से 30 लाख रुपये बताई जा रही है. कुछ लोगों ने संदिग्धों को पकड़ने की कोशिश की और कुछ आरोपियों को पुलिस के हवाले भी किया गया.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
अंतिम संस्कार के दिन बारामती में लगभग 8,000 पुलिसकर्मी तैनात थे. इतनी बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद चोरी की यह घटना सामने आना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. पीड़ितों की शिकायत के बाद बारामती तालुका पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने मोहम्मद यूनुस, राजकुमार अठावले, एजाज मिरावाले, मोहम्मद सिराज, बालू बोटरे और दो अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है. फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की जांच की जा रही है.
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
अजीत पवार का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ संपन्न हुआ. उनके पार्थिव शरीर को राष्ट्रीय ध्वज में लपेटकर उनके गांव काटेवाड़ी से विद्या प्रतिष्ठान मैदान तक लाया गया. इस दौरान समर्थकों ने “अजीत दादा अमर रहें” के नारे लगाए. अंतिम संस्कार में केंद्रीय मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे. परिवार के सदस्य, जिनमें उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार, बेटे पार्थ और जय, तथा सुप्रिया सुले भी शामिल थीं, इस मौके पर मौजूद रहे.
विमान हादसे में गई जान
जिस विमान में अजीत पवार सवार थे, वह टेबलटॉप हवाई पट्टी के किनारे से लगभग 200 मीटर दूर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में उनके साथ पायलट कैप्टन सुमित कपूर, सह-पायलट कैप्टन शम्भावी पाठक, निजी सुरक्षा अधिकारी विदिप जाधव और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली की भी मौत हो गई.


