BMC में गणेश खणकर को चुना गया भाजपा समूह का नेता, शिवसेना (शिंदे गुट) ने भी चुना अपना उम्मीदवार- सूत्र
बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नए समूह नेता के रूप में गणेश खणकर को चुना गया है. बता दें कि गणेश खानकर ने बीएमसी चुनावों में दहिसर के वार्ड नंबर 7 से जीत हासिल की थी.

मुबंई: सूत्रों के मुताबिक, बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नए समूह नेता के रूप में गणेश खणकर को चुना गया है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जल्द ही इसे लेकर आधिकारिक घोषणा की उम्मीद है. पार्टी के नेता इस फैसले की औपचारिक घोषणा की तैयारी में जुटे हैं. वहीं, शिवसेना (शिंदे गुट) ने अमे घोले को अपना नेता चुना है.
महाराष्ट्र में हाल ही में हुए BMC चुनावों में BJP के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने बहुमत के साथ जीत हासिल की थी. BJP ने अपने दम पर 89 सीटों पर जीत हासिल की. शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) को 29 सीटों पर जीत मिली.
कौन हैं गणेश खणकर?
बता दें कि गणेश खणकर ने बीएमसी चुनावों में दहिसर के वार्ड नंबर 7 से जीत हासिल की थी. चुनावी नतीजों में BJP सबसे बड़ी पार्टी थी, जिसके चलते वो सदन के नेता होंगे. गणेश खणकर भाजपा के एक अनुभवी नेता होने के साथ ही बोरीवली से पार्षद भी हैं. वो लंबे समय से पार्टी के संगठनात्मक नेटवर्क से जुड़े हुए हैं.
BMC चुनाव 2026
चुनाव आयोग और BMC द्वारा जारी किए चुनावी आंकड़ों के अनुसार, BJP ने चुनाव में कुल 89 सीटें जीतीं थी, जिसमें पार्टी को 11,79,273 वोट मिले. BJP को कुल डाले गए वोटों के 21.58 प्रतिशत वोट मिले. जीतने वाले उम्मीदवारों में, BJP का वोट शेयर 45.22 प्रतिशत रहा, जिसने पार्टी को नगर निकाय में सबसे बड़ी पार्टी बनाया.
वहीं, BJP की गठबंधन सहयोगी, शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) ने कुल 2,73,326 वोटों के साथ 29 सीटें पर जीत हासिल की. शिवसेना का कुल वोट शेयर का 5.00 प्रतिशत है. BJP-शिवसेना (शिंदे) गठबंधन BMC में सबसे बड़े गुट के रूप में उभराकर सामने आया.
विपक्ष के हालात गंभीर
दूसरी ओर, MNS के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही शिवसेना (UBT) ने कुल 65 सीटों पर जीत हासिल की. UBT के नेतृत्व वाली शिवसेना को BMC चुनाव में 7,17,736 वोट मिले, जो कुल डाले गए वोटों का 13.13 प्रतिशत है. वहीं, MNS ने कुल 74,946 वोटों के साथ केवल 6 सीटों पर जीत हासिल की. MNS को कुल वोट शेयर का केवल 1.37 प्रतिशत मिला. इंडियन नेशनल कांग्रेस (INC) की बात करें तो पार्टी ने 24 सीटों पर अपना कब्जा किया. कांग्रेस को 2,42,646 वोट मिले, जो कुल वोट शेयर का 4.44 प्रतिशत है.


