वर्दी पहनने का सपना रह गया अधूरा... पुलिस भर्ती में दौड़ के दौरान युवक की अचानक मौत
पुणे में पुलिस भर्ती दौड़ के दौरान बुलढाणा के 23 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. आशंका है कि हृदय संबंधी समस्या कारण हो सकती है. घटना ने स्वास्थ्य जांच की जरूरत पर सवाल उठाए हैं.

बुलढाणा: महाराष्ट्र के बुलढाणा में एक युवा, जो पुलिस की वर्दी पहनकर देश की सेवा करने का सपना देख रहा था, भर्ती प्रक्रिया के दौरान ही जिंदगी की दौड़ हार गया. यह घटना न सिर्फ दर्दनाक है, बल्कि युवाओं की फिटनेस और स्वास्थ्य को लेकर भी कई सवाल खड़े करती है.
क्या है पूरा मामला?
यह घटना बुलढाणा जिले के एक युवक से जुड़ी है. 23 वर्षीय पुरुषोत्तम भीमराव बुरकुल, जो देऊळगाव राजा तहसील के चिंचोली बुरकुल गांव के रहने वाले थे, पुलिस भर्ती में हिस्सा लेने के लिए पुणे पहुंचे थे. भर्ती प्रक्रिया के तहत उन्हें 1600 मीटर की दौड़ पूरी करनी थी. यह दौड़ शिवाजीनगर मैदान में आयोजित की जा रही थी. पुरुषोत्तम ने दौड़ के दो चक्कर सफलतापूर्वक पूरे कर लिए थे, लेकिन तीसरे चक्कर के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. उन्हें दौरे जैसा अनुभव हुआ और वे ट्रैक पर ही गिर पड़े.
अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गया सपना
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद भर्ती स्थल पर मौजूद अन्य उम्मीदवारों और अधिकारियों में शोक का माहौल बन गया. परिवार के लिए यह खबर किसी बड़े सदमे से कम नहीं है. जिस बेटे के सपनों पर पूरा घर टिका था, वह अचानक उनसे दूर चला गया.
दौड़ते समय अचानक मौत क्यों होती है?
ऐसे मामलों में सबसे बड़ा कारण अक्सर हृदय से जुड़ी समस्या होती है. कई बार यह समस्या पहले से मौजूद होती है, लेकिन सामान्य जीवन में पता नहीं चल पाती. तेज दौड़ या कड़ी मेहनत के दौरान शरीर पर दबाव बढ़ जाता है. दिल की धड़कन तेज हो जाती है और शरीर को ज्यादा ऑक्सीजन की जरूरत होती है. अगर दिल ठीक से काम नहीं कर पाता, तो अचानक स्थिति गंभीर हो सकती है.
कार्डियक अरेस्ट और अन्य कारण
विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसी घटनाओं में अक्सर कार्डियक अरेस्ट होता है, जो देखने में मिर्गी के दौरे जैसा लग सकता है. इसके अलावा कुछ युवाओं में दिल की मांसपेशी सामान्य से ज्यादा मोटी हो जाती है, जिससे खून का प्रवाह प्रभावित होता है. कुछ मामलों में जन्म से ही दिल की धमनियों की संरचना ठीक नहीं होती, जो तेज शारीरिक गतिविधि के दौरान खतरा बन सकती है.


