तमिलनाडु चुनाव: विजय की TVK ने 234 सीटों पर उम्मीदवार उतारे, खुद दो सीटों से लड़ेंगे चुनाव
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले अभिनेता विजय ने अपनी पार्टी TVK के 234 उम्मीदवारों का ऐलान कर सियासी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है. खुद दो सीटों से चुनाव लड़ने के फैसले ने राज्य की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है.

नई दिल्ली: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. अभिनेता और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख विजय ने अपनी पार्टी के सभी 234 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. इस ऐलान के साथ ही उन्होंने चुनावी मैदान में पूरी ताकत से उतरने का संकेत दे दिया है.
विजय खुद भी दो महत्वपूर्ण सीटों से चुनाव लड़ने जा रहे हैं, जिससे मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है. उनके इस फैसले को राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है.
दो सीटों से चुनाव लड़ेंगे विजय
TVK प्रमुख विजय तिरुचिरापल्ली ईस्ट और चेन्नई के पेरम्बूर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे. उनका पूरा नाम ‘सी जोसेफ विजय’ है.
उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में उम्मीदवारों का परिचय कराते हुए अन्य सीटों के लिए भी नामों की घोषणा की.
कोर टीम को भी मिला मौका
पार्टी ने अपनी कोर टीम के प्रमुख सदस्यों को भी चुनावी मैदान में उतारा है.एन आनंद को टी नगर, आधव अर्जुन को विल्लीवाक्कम, आर अरुणराज को गोबिचेट्टीपलयम, सीटीआर निर्मल कुमार और के. ए. सेंग्कोट्टैयान को अन्य सीटों से टिकट दिया गया है.
विपक्ष पर साधा निशाना
उम्मीदवारों के ऐलान के दौरान विजय ने द्रमुक गठबंधन पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यह गठबंधन केवल जोड़तोड़ का परिणाम है.
उन्होंने कहा, "हमने उन लोगों को चुना है जो जनता के साथ खड़े रहेंगे."
उन्होंने आगे कहा कि इस बार मुकाबला टीवीके के जन गठबंधन और "स्टालिन सर गठबंधन" के बीच होगा.
युवाओं के लिए ‘गारंटी’ का वादा
विजय ने अपने चुनावी एजेंडे को युवाओं के लिए "गारंटी" बताया.
उन्होंने तमिलनाडु को नशामुक्त बनाने और कक्षा 12 से पीएचडी तक के छात्रों को 20 लाख रुपये तक बिना गारंटी के ऋण देने का वादा किया.
प्रचार में बाधा का आरोप
चुनाव प्रचार शुरू होने से पहले विजय ने आरोप लगाया कि उनके अभियान में बाधा डाली जा रही है.
उन्होंने कहा कि पुलिस ने पहले अनुमति दी, लेकिन बाद में उसे रद्द कर दिया, जिसके चलते उन्हें अपना कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा.
23 अप्रैल को होगा मतदान
तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 23 अप्रैल को होगा. विजय ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को एकजुट कर सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है.
स्टालिन की सीट पर भी नजर
विजय ने उन क्षेत्रों में भी प्रचार की योजना बनाई है, जहां द्रमुक मजबूत मानी जाती है.
कोलाथुर सीट, जहां से मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन लगातार तीन बार जीत चुके हैं, इस बार भी राजनीतिक चर्चा का केंद्र बनी हुई है.


