वेलेंटाइन डे पर लेना चाहते हैं पूर्व पार्टनर से बदला? ये चिड़ियाघर 'दिल टूटे' लोगों को दे रहा गजब ऑफर
वेलेंटाइन डे से पहले पोलैंड के एक चिड़ियाघर ने अनोखा ऑफर शुरू किया है. लोग अपने एक्स के नाम पर कॉकरोच रख सकते हैं और खास पैकेज में उसे जानवर को खिलाने का विकल्प भी मिलता है. सोशल मीडिया पर यह कैंपेन वायरल है.

फरवरी की शुरुआत होते ही वेलेंटाइंस डे की तैयारियां भी शुरू हो जाती है. वेलेंटाइन डे को लेकर जहां कपल्स उत्साहित रहते हैं, वहीं कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जिनके लिए यह दिन पुराने जख्म ताजा कर देता है. जिनका रिश्ता टूट चुका है या जिन्हें उनके एक्स ने ठुकरा दिया है, उनके लिए पोलैंड के एक चिड़ियाघर ने अनोखा और थोड़ा मजेदार ऑफर पेश किया है. यही वजह है कि यह खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.
पोलैंड के ओरिएंटेरियम चिड़ियाघर ने कुछ साल पहले एक अनोखी पहल शुरू की थी. इस पहल के तहत लोग अपने पूर्व प्रेमी या प्रेमिका के नाम पर एक खास किस्म के कॉकरोच का नाम रख सकते हैं. यह कोई साधारण कीड़ा नहीं, बल्कि मेडागास्कर हिसिंग कॉकरोच होता है, जो अपनी अलग पहचान के लिए जाना जाता है. चिड़ियाघर का कहना है कि यह कदम लोगों को अपने अतीत को पीछे छोड़ने और आगे बढ़ने का प्रतीकात्मक मौका देता है. यानी अगर कोई अपने टूटे रिश्ते से बाहर निकलना चाहता है, तो वह इस तरीके से “एक अध्याय बंद” कर सकता है.
अलग-अलग पैकेज की सुविधा
इस खास अभियान में हिस्सा लेने के लिए लोगों को कुछ शुल्क देना होता है. करीब 50 ज़्लॉटी (भारतीय मुद्रा में लगभग 1,290 रुपये) देकर कोई भी व्यक्ति एक कॉकरोच को गोद ले सकता है और उसका नाम अपने एक्स के नाम पर रख सकता है. इसके बदले में चिड़ियाघर की ओर से एक डिजिटल सर्टिफिकेट भी दिया जाता है.
अगर कोई व्यक्ति 150 ज़्लॉटी (लगभग 3,870 रुपये) खर्च करता है, तो उसे उस कॉकरोच के अंतिम अंजाम की तस्वीर भी दी जाती है. यानी वह देख सकता है कि उसके एक्स के नाम वाला कॉकरोच आगे क्या हुआ.
VIP पैकेज भी उपलब्ध
जिन लोगों का गुस्सा या दर्द थोड़ा ज्यादा गहरा है, उनके लिए एक खास VIP पैकेज भी रखा गया है. इसके लिए करीब 7,000 रुपये खर्च करने होंगे. इस पैकेज के तहत उस कॉकरोच को मीरकैट नामक जानवर को खिलाया जाता है. यह पूरी प्रक्रिया भी रिकॉर्ड की जाती है.
सोशल मीडिया पर चर्चा
जैसे ही यह ऑफर सामने आया, लोगों ने सोशल मीडिया पर जमकर प्रतिक्रिया दी. कुछ लोगों ने इसे मजेदार और तनाव कम करने वाला तरीका बताया, तो कुछ ने इसे अजीब लेकिन रचनात्मक कदम कहा. चिड़ियाघर का कहना है कि इस अभियान से जुटाई गई राशि का उपयोग पशुओं की देखभाल में किया जाता है. यानी यह केवल मजाक नहीं, बल्कि एक तरह से दान भी है.


