एक प्लेट मोमोज की कीमत 85 लाख! युवक की लत ने करवाया परिवार का बड़ा नुकसान
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में मोमोज खाने की आदत एक किशोर और उसके परिवार के लिए भारी पड़ गई. मोमोज खाने के लिए उसने घर में रखे करीब 85 लाख रुपये के जेवरात गायब कर दिए.

देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है. मोमोज खाने की आदत एक किशोर और उसके परिवार के लिए इतनी भारी पड़ गई कि घर में रखे करीब 85 लाख रुपये के जेवरात गायब हो गए. जब इस बात का खुलासा हुआ तो परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई.
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के भगवानपुर तिवारी गांव के निवासी विमलेश मिश्र वाराणसी के एक मंदिर में पुजारी हैं. उनका नाबालिग बेटा गांव में रहकर कक्षा सात में पढ़ाई करता है. बताया जा रहा है कि कुछ समय से वह मोमोज खाने का शौकीन हो गया था और रोज देवरिया-कसया मार्ग स्थित डुमरी चौराहे पर जाने लगा.
मोमोज के बदले खास सामान!
वहीं मोमोज बेचने वाले तीन युवकों ने उसे अपने जाल में फंसा लिया. उन्होंने किशोर से कहा कि अगर वह उनके लिए कुछ खास सामान लाएगा, तभी उसे मोमोज दिए जाएंगे. मासूम लड़का उनकी बातों में आ गया और घर से सामान ले जाने लगा. शुरुआत में वह घर में रखे पैसे खर्च करता रहा, लेकिन बाद में उसने घर की अलमारी से जेवर निकालने शुरू कर दिए.
अलमारी में उसकी मां और बुआ के कीमती गहने रखे थे. किशोर एक-एक करके जेवर दुकानदारों को देता गया और बदले में उसे मोमोज मिलते रहे. परिवार को इस बात की भनक तक नहीं लगी. घटना का खुलासा तब हुआ जब पुजारी की बहन अपने जेवर लेने घर आईं. रविवार सुबह जब अलमारी खोली गई तो लॉकर पूरी तरह खाली मिला. यह देखकर परिवार स्तब्ध रह गया.
पुलिस की कार्रवाई
परिवार ने जब बेटे से सख्ती से पूछताछ की तो उसने दुकानदारों को जेवर देने की बात स्वीकार कर ली. इसके बाद पुजारी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक और एक युवती को हिरासत में लिया है. उनकी निशानदेही पर कुछ जेवर भी बरामद किए गए हैं. थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा.
मोमोज की ऐसी लत
किशोर की मोमोज खाने की लत ने परिवार को लाखों का नुकसान पहुंचा दिया. पहले तो किशोर ने घर के रुपये से मोमोज खरीदने शुरू किए और बाद में वो घर से जेवर चुराने लगा. वहीं, जानकारी के अनुसार, दुकानदारों के रहन-सहन में भी कुछ ही दिनों में बदलाव देखने को मिला.


