नोएडा में चलती कार से महिलाओं को फ्लाइंग किस! पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार, वीडियो आया सामने

नोएडा में चलती कार से महिलाओं को अश्लील इशारे करने का वीडियो वायरल हुआ. आरोपी ने पीछा भी किया. पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर वाहन जब्त किया. घटना ने महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Shraddha Mishra

नोएडा: महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ाने वाली घटना सामने आई है. नोएडा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक युवक चलती गाड़ी से महिलाओं की ओर अशोभनीय इशारे करता दिखाई दे रहा है. यह वीडियो 17 सेकंड का है, लेकिन इसने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

वायरल वीडियो में एक व्यक्ति लाल रंग की एमजी हेक्टर एसयूवी चलाते हुए दिखाई दे रहा है. वह बगल से गुजर रही कार में बैठी महिलाओं की ओर फ्लाइंग किस करता है, हाथ हिलाता है और कैमरे की तरफ इशारा करता है. उसकी हरकतें साफ तौर पर आपत्तिजनक हैं. गाड़ी की पिछली सीट पर एक और व्यक्ति भी बैठा नजर आता है.

बताया जा रहा है कि आरोपी कुछ दूरी तक महिलाओं की कार का पीछा भी करता रहा. महिलाओं में से एक ने हिम्मत दिखाते हुए इस पूरी घटना को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद यह वीडियो इंटरनेट पर फैल गया.

पुलिस की कार्रवाई

वीडियो सामने आने के बाद नोएडा पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया. जांच के आधार पर सेक्टर 135 के रहने वाले दो लोगों को हिरासत में लिया गया और संबंधित वाहन को जब्त कर लिया गया. घटना पार्थला पुल के पास की बताई जा रही है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

यह पहली बार नहीं है जब नोएडा और आसपास के इलाकों में इस तरह की घटना सामने आई हो. पिछले महीने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नीतू बिष्ट के साथ भी ऐसा ही मामला हुआ था. उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने डीएनडी फ्लाईओवर से लेकर ग्रेटर नोएडा तक उनकी कार का पीछा किया और उन्हें परेशान किया.

एक वीडियो में नीतू बिष्ट को घबराए हुए कहते सुना गया कि आरोपियों ने बदतमीजी की और उनकी कार को टक्कर मारने की कोशिश की. उस समय पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों से माफी मंगवाई, हालांकि उनके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया.

महिलाओं की सुरक्षा पर उठे सवाल

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती हैं. सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह का व्यवहार न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि समाज में असुरक्षा का माहौल भी बनाता है. जरूरत है कि ऐसे मामलों में सख्त और स्पष्ट कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की हरकत करने से पहले दस बार सोचे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag