पालघर: मामूली विवाद में ऑटो चालक ने 4 साल के बच्चे पर बरपाया कहर... उठाकर जमीन पर पटका, सिर फोड़ा
महाराष्ट्र के पालघर में एक ऑटो चालक ने मामूली विवाद के बाद 4 साल के बच्चे पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना CCTV में कैद हुई और बच्चा ICU में भर्ती है, जबकि आरोपी गिरफ्तार हो चुका है.

महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है. एक मामूली विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया कि एक मासूम बच्चा जिंदगी और मौत के बीच जूझने को मजबूर हो गया. इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में गुस्सा और आक्रोश बढ़ता जा रहा है.
यह घटना पालघर के वसई इलाके की एक हाउसिंग सोसाइटी में सोमवार रात हुई. पुलिस के अनुसार, आरोपी ऑटो रिक्शा चालक संदीप पवार और बच्चे के पिता अतुल कोंधारे के बीच छोटी सी कहासुनी हुई थी. लेकिन यह बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने अपनी नाराजगी एक मासूम पर उतार दी.
चार साल के बच्चे के साथ क्रूरता
घटना के समय चार साल का बच्चा विग्नेश एक खड़ी ऑटो रिक्शा में खेल रहा था. तभी आरोपी वहां पहुंचा और उसे जबरदस्ती बाहर खींच लिया. इसके बाद उसने बच्चे को उठाकर जमीन पर जोर से पटक दिया. इतना ही नहीं, आरोपी बच्चे को पकड़कर इमारत के अंदर ले गया और वहां भी उसके साथ मारपीट जारी रखी.
आरोप है कि उसने लोहे की छड़ से बच्चे के सिर पर वार किया और फिर उसे नीचे फेंक दिया. यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिससे इसकी भयावहता सामने आई. जब बच्चे की दादी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उनके साथ भी हिंसा की. बताया जा रहा है कि उसने उन्हें भी जबरदस्ती खींचा और हमला किया.
इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए. घटना के बाद घायल बच्चे को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. लेकिन हालत ज्यादा खराब होने के कारण उसे बाद में मीरा रोड के एक अस्पताल में शिफ्ट किया गया. फिलहाल वह आईसीयू में भर्ती है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी
पुलिस ने आरोपी संदीप पवार को गिरफ्तार कर लिया है. उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) (हत्या के प्रयास) और किशोर न्याय अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है.


