‘ईंधन बचाएं, मुश्किल समय आ रहा है’, मिडिल ईस्ट संकट पर ऑस्ट्रेलियाई पीएम की जनता से बड़ी अपील
पश्चिम एशिया युद्ध के कारण ऑस्ट्रेलिया में महंगाई और ईंधन संकट बढ़ गया है। सरकार ने फ्यूल सिक्योरिटी प्लान लागू किया और टैक्स में राहत दी, जबकि पीएम ने लोगों से संयम और सहयोग की अपील की है।

पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष की आंच अब दूर-दराज के देशों तक पहुंचने लगी है. इसका असर सिर्फ युद्ध क्षेत्र तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दुनिया की अर्थव्यवस्था और आम लोगों की जिंदगी पर भी दिखने लगा है. इसी बीच ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने देश को संबोधित करते हुए चेतावनी दी है कि आने वाला समय आसान नहीं होगा और लोगों को चुनौतियों के लिए तैयार रहना चाहिए.
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में साफ कहा कि मौजूदा युद्ध ने पूरी दुनिया में आर्थिक दबाव बढ़ा दिया है. इसका असर ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों पर भी पड़ रहा है, भले ही वे सीधे तौर पर इस संघर्ष का हिस्सा नहीं हैं. उन्होंने माना कि बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों में उछाल ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार हालात पर नजर बनाए हुए है और लगातार कदम उठा रही है, लेकिन इस तरह के वैश्विक संकट को पूरी तरह नियंत्रित करना किसी एक देश के बस में नहीं होता.
सरकार का ‘फ्यूल सिक्योरिटी प्लान’
स्थिति को संभालने के लिए सरकार ने एक खास योजना तैयार की है, जिसे ‘नेशनल फ्यूल सिक्योरिटी प्लान’ नाम दिया गया है. इस योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अगर लंबे समय तक ईंधन की सप्लाई प्रभावित होती है, तो जरूरी सेवाओं को किसी तरह की दिक्कत न हो.
इस योजना के तहत केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर काम करेंगी. जरूरत पड़ने पर ईंधन के वितरण को नियंत्रित किया जाएगा, ताकि हर क्षेत्र तक इसकी पहुंच बनी रहे. साथ ही पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता पर लगातार नजर रखी जाएगी.
टैक्स में राहत, कीमतों पर काबू की कोशिश
महंगाई के बोझ को कम करने के लिए सरकार ने पेट्रोल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी में बड़ी कटौती की है. इससे ईंधन की कीमतों में कुछ राहत मिली है. यह कदम फिलहाल तीन महीने के लिए लागू किया गया है, ताकि लोगों को तुरंत राहत मिल सके. सरकार का कहना है कि वह आगे भी जरूरत के हिसाब से ऐसे फैसले ले सकती है.
आम जनता पर बढ़ता दबाव
प्रधानमंत्री ने स्वीकार किया कि बढ़ती कीमतों का सबसे ज्यादा असर आम लोगों पर पड़ रहा है. खासतौर पर किसान, ट्रक ड्राइवर, छोटे व्यवसायी और मध्यम वर्ग इस समय आर्थिक दबाव झेल रहे हैं. ईंधन महंगा होने से रोजमर्रा की चीजों के दाम भी बढ़ रहे हैं, जिससे घर का बजट बिगड़ रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि यह स्थिति कुछ समय तक बनी रह सकती है, इसलिए सभी को धैर्य रखना होगा.
लोगों से सहयोग की अपील
अपने संबोधन में अल्बानीज ने नागरिकों से अपील की कि वे घबराकर जरूरत से ज्यादा ईंधन जमा न करें. उन्होंने कहा कि ऐसा करने से सप्लाई पर दबाव बढ़ेगा और दूसरों को दिक्कत होगी. उन्होंने लोगों को सलाह दी कि जहां संभव हो, सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें. इससे ईंधन की बचत होगी और उन लोगों को मदद मिलेगी जिन्हें अपने काम के लिए रोज वाहन चलाना जरूरी है.
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में यह भरोसा दिलाया कि सरकार हर संभव प्रयास कर रही है ताकि देश इस कठिन दौर से सुरक्षित निकल सके. उन्होंने लोगों से एकजुट रहने और एक-दूसरे की मदद करने की अपील की. उन्होंने कहा कि चुनौतियां बड़ी जरूर हैं, लेकिन अगर सभी मिलकर काम करें, तो इस संकट का सामना बेहतर तरीके से किया जा सकता है.


