दिल्ली में हनुमान जयंती की धूम, मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़
हनुमान जयंती के अवसर पर दिल्ली के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. भक्त पूजा-अर्चना और सुंदरकांड पाठ में शामिल होकर बजरंगबली का आशीर्वाद ले रहे हैं.
हनुमान जयंती 2026: हनुमान जयंती के अवसर पर देशभर की तरह दिल्ली में भी श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला. कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में सुबह चार-पांच बजे से ही भक्तों की लंबी कतारें लग गईं, वहीं तुगलकाबाद और मरघट वाले बाबा हनुमान मंदिर में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. मंदिरों में सुंदरकांड का पाठ किया गया और भक्त नियमपूर्वक पूजा करते नजर आए. पुजारियों के अनुसार, इस दिन हनुमान जी को लाल सिंदूर, चंदन और ध्वजारोहण अर्पित करना विशेष फलदायी माना जाता है. श्रद्धालु लड्डू और केले का भोग चढ़ाकर अपनी मनोकामनाएं मांग रहे हैं. भीषण गर्मी के बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ और मंदिरों में जय श्री राम और जय बजरंगबली के जयकारे गूंजते रहे. भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.


