'एक भी जिंदा नहीं बचेगा' अमेरिका के जमीनी हमले की आशंका के बीच ईरान ने अमेरिका को दी सबसे खतरनाक चेतावनी

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच ईरान ने ईरानी सेना प्रमुख ने अमेरिका को सख्त चेतावनी दी है. उन्होंने कहा है कि अगर अमेरिका या उसके सहयोगी जमीनी हमला करते हैं तो कोई भी दुश्मन जिंदा बचकर नहीं लौट पाएगा.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरानी सेना प्रमुख ने अमेरिका को सख्त चेतावनी दी है. उन्होंने कहा है कि अगर अमेरिका या उसके सहयोगी जमीनी हमला करते हैं तो कोई भी दुश्मन जिंदा बचकर नहीं लौट पाएगा. यह बयान आज ईरानी सेना प्रमुख अमीर हातामी ने दी है.

ईरानी सेना प्रमुख का सख्त बयान

मेजर जनरल अमीर हातामी ने गुरुवार को कहा कि ईरान अपने दुश्मनों का पीछा तब तक नहीं छोड़ेगा, जब तक अपने लक्ष्य पूरे नहीं हो जाते. उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, “अगर दुश्मन जमीनी हमला करता है तो उनमें से एक भी जान बचकर नहीं निकलेगी.” 

हातामी ने आगे कहा कि इस्लामी ईरान की रणनीति साफ है. देश से युद्ध का खतरा पूरी तरह खत्म होना चाहिए और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए. उन्होंने जोर देकर कहा कि कुछ इलाके सुरक्षित रहें लेकिन ईरानी लोग खतरे में रहें, यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है.

ईरान की सैन्य तैयारियां

ईरानी सेना प्रमुख ने बताया कि उनकी सेना दुश्मन की किसी भी आक्रामकता का जवाब देने के लिए आक्रामक और रक्षात्मक दोनों मोर्चों पर पूरी तरह तैयार है. उन्होंने सैनिकों को निर्देश दिया कि दुश्मन की हर गतिविधि पर सतर्क नजर रखी जाए और सही समय पर सही जवाब दिया जाए. ईरान ने यह भी दावा किया है कि उसने शिराज शहर के ऊपर उड़ रहे इजरायली हर्मेस 900 ड्रोन को मार गिराया है.

हालिया हमलों का संदर्भ

यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को तेहरान समेत ईरान के कई ठिकानों पर हमले किए थे. इन हमलों में काफी नुकसान हुआ और कई लोग हताहत हुए. इसके जवाब में ईरान ने इजरायल और अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर पलटवार किया था. वर्तमान में अमेरिकी सेना मध्य पूर्व क्षेत्र में पहुंच चुकी है, जिससे जमीनी हमले की आशंकाएं बढ़ गई हैं.

ट्रंप का युद्ध समाप्त करने का संकेत

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि अमेरिका जल्द ही ईरान में अपना सैन्य अभियान खत्म कर सकता है. व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि दो से तीन सप्ताह में अमेरिकी बल वापस आ सकते हैं.

ट्रंप ने कहा, “हम अपना काम पूरा कर रहे हैं. हो सकता है दो सप्ताह में या उससे कुछ दिन बाद हम बाहर निकल जाएं.” उन्होंने यह भी कहा कि जैसे ही अमेरिका वापस आएगा, वैश्विक ईंधन कीमतों में गिरावट आ सकती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो