ईरान की अमेरिका को खुली चेतावनी, 'अपमान झेले बिना खत्म नहीं होगा युद्ध'

ईरान ने अमेरिका और ट्रम्प के सैन्य दावों को खारिज करते हुए कहा कि उसकी ताकत बरकरार है और संघर्ष जारी रहेगा. तेहरान ने चेतावनी दी कि युद्ध तब तक खत्म नहीं होगा, जब तक अमेरिका को “स्थायी अपमान” का सामना नहीं करना पड़ता.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच ईरान ने एक बार फिर डोनाल्ड ट्रम्प के दावों को सिरे से खारिज करते हुए कड़ा रुख अपनाया है. तेहरान ने साफ कहा है कि यह संघर्ष तब तक समाप्त नहीं होगा, जब तक अमेरिका को 'स्थायी अपमान' का सामना नहीं करना पड़ता.

 ईरानी सेना की तीखी प्रतिक्रिया

ईरानी सेना और अधिकारियों ने ट्रम्प के उन बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिनमें उन्होंने ईरान की सैन्य ताकत को बुरी तरह कमजोर करने का दावा किया था. दरअसल, ट्रम्प ने अपने राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा था कि ईरान की नौसेना और वायुसेना को भारी नुकसान पहुंचा है और उसके नेतृत्व ढांचे को भी बड़ा झटका लगा है. उन्होंने यहां तक कहा कि अमेरिकी कार्रवाई के बाद ईरान की सैन्य क्षमता लगभग ध्वस्त हो चुकी है. लेकिन ईरान ने इन सभी दावों को भ्रामक और निराधार बताया है.

ईरान के सरकारी मीडिया के अनुसार, खातम अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय के एक प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि अमेरिका को ईरान की वास्तविक सैन्य ताकत का सही अंदाजा नहीं है. उन्होंने कहा कि अमेरिकी खुफिया जानकारी अधूरी है और वाशिंगटन ईरान की रणनीतिक क्षमताओं को लगातार कम आंक रहा है. प्रवक्ता के मुताबिक, मिसाइल, ड्रोन और आधुनिक वायु रक्षा प्रणालियों को लेकर ईरान पूरी तरह सक्षम है और इन संसाधनों में कोई बड़ी कमी नहीं आई है.

प्रवक्ता ने क्या कहा? 

प्रवक्ता ने यह भी कहा कि जिन ठिकानों पर अमेरिका हमले का दावा कर रहा है, वे रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नहीं हैं. ईरान का असली सैन्य उत्पादन और संचालन ऐसे स्थानों से होता है, जो अमेरिका की पहुंच से बाहर हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह के गलत आकलन से अमेरिका और गहरे संकट में फंस सकता है.

इसके साथ ही ईरान ने अमेरिका पर संघर्ष की शुरुआत करने का आरोप लगाते हुए जवाबी कार्रवाई जारी रखने की बात दोहराई. प्रवक्ता ने कहा कि उनके देश के खिलाफ किए गए हमलों का जवाब दिया जाएगा और यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक अमेरिका को इसकी भारी कीमत नहीं चुकानी पड़ती.

गौरतलब है कि यह बयान उस समय आया है, जब ट्रम्प ने हाल ही में दावा किया था कि अमेरिकी सेना ने ईरान को “निर्णायक झटका” दिया है और अपने अधिकांश सैन्य उद्देश्यों को हासिल कर लिया है. हालांकि, ईरान के ताजा बयान से साफ है कि दोनों पक्षों के बीच तनाव कम होने के बजाय और बढ़ता नजर आ रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो