'कौन कास्ट बा…'BHU में जाति पूछकर सपा नेता ब्राह्मण छात्र को मारा थप्पड़, जान से मारने की दी धमकी भी दी!

बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप हैरान रह जाएंगे. दरअसल एक छात्र से उसकी जाति पूछकर अपमानित किया गया है.

Sonee Srivastav

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में एक बार फिर विवादित घटना सामने आई है. यहां एक छात्र से उसकी जाति पूछकर उसे थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है. पीड़ित छात्र ने समाजवादी छात्र सभा के अध्यक्ष हिमांशु यादव पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है.

कैसे हुई घटना?

वाराणसी के BHU में एमए हिंदी द्वितीय वर्ष के छात्र प्रशांत मिश्र बुधवार सुबह करीब 11:45 बजे अपने विभाग में क्लास करने पहुंचे थे. इसी दौरान हिमांशु यादव वहां पहुंचे और उनसे उनका कोर्स तथा जाति पूछने लगे.

जाति बताने के बाद आरोपी ने प्रशांत को ‘मनुवादी’ कहते हुए जातिसूचक गालियां दी और अचानक थप्पड़ जड़ दिया. जब प्रशांत ने विरोध किया तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दे दी.

पुलिस ने दर्ज किया केस

पीड़ित छात्र प्रशांत मिश्र ने लंका थाने में तहरीर दी है. पुलिस ने हिमांशु यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. थाना इंस्पेक्टर राज कुमार शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी गई है.

घटना विभाग परिसर में लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है. पुलिस ने फुटेज को कब्जे में ले लिया है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.

BHU कैंपस में तनाव

इस घटना के बाद BHU कैंपस में कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया. बीएचयू देश का एक प्रमुख विश्वविद्यालय है, जहां देशभर से छात्र पढ़ने आते हैं. यहां पहले भी कई बार छात्र राजनीति से जुड़ी घटनाएं सुर्खियों में रही हैं. 

कौन है हिमांशु यादव?

हिमांशु यादव समाजवादी छात्र सभा के अध्यक्ष है. ऐसे में यह मामला राजनीतिक रंग ले सकता है. राज्य में विधानसभा चुनाव का माहौल बन रहा है, इसलिए दूसरे छात्र संगठन भी इस मामले में सक्रिय होने की तैयारी में है.

पुलिस अब जांच कर रही है कि यह घटना सिर्फ व्यक्तिगत विवाद थी या इसमें कोई राजनीतिक एंगल भी है. CCTV फुटेज और गवाहों के बयानों से सच्चाई सामने आने की उम्मीद है. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो