लियोनेल मेसी पर लगा धोखेबाजी का आरोप, ₹250 करोड़ लेकर केरल नहीं पहुंची अर्जेंटीना टीम; खेल मंत्री ने केस करने की दी धमकी
आज केरल के खेल मंत्री ने अर्जेंटीना फुटबॉल टीम और उसके सुपरस्टार लियोनेल मेसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि उन्होंने मैच खेलने का वादा कर पैसे लिए, लेकिन मैच खेलने नहीं आए.

नई दिल्ली: केरल के खेल मंत्री वी अब्दुरहीमान ने गुरुवार को अर्जेंटीना फुटबॉल टीम और उसके सुपरस्टार लियोनेल मेसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मंत्री का कहना है कि टीम ने मैच खेलने का वादा किया, भारी भरकम रकम ली, लेकिन केरल आने से मुकर गई. उन्होंने इसे साफ-साफ धोखा बताया है.
मंत्री का बड़ा आरोप
मंत्री अब्दुरहीमान ने कहा कि वे बहुत उत्साहित थे कि अर्जेंटीना टीम केरल आएगी और मेसी समेत खिलाड़ी यहां मैच खेलेंगे. इसके लिए उन्होंने कई दौर की बातचीत की और स्पॉन्सर्स से ₹250 करोड़ की व्यवस्था की. इतनी बड़ी रकम जुटाना आसान नहीं था, फिर भी पूरी तैयारी कर ली गई, लेकिन पैसे लेने के बाद टीम नहीं आई. मंत्री ने निराशा जताते हुए कहा, “यह हमारे साथ धोखा है. हमने ऐसी उम्मीद नहीं की थी.”
अन्य देशों के साथ भी ऐसा किया?
जांच में पता चला है कि अर्जेंटीना टीम ने इसी तरह पांच अन्य देशों के साथ भी व्यवहार किया. पैसे लिए लेकिन मैच खेलने नहीं पहुंची. मंत्री ने इसे गंभीर मामला बताया और संकेत दिए कि अब कानूनी कार्रवाई की जा सकती है. उन्होंने कहा, “ऐसी स्थिति में हमें केस दर्ज करना पड़ सकता है और टीम से मुआवजा मांगना होगा.”
फुटबॉल प्रेमियों को झटका
केरल के फुटबॉल दीवानों के लिए यह बड़ा झटका है. मंत्री खुद मेसी की टीम के आने को लेकर काफी उत्साहित थे. उन्होंने कहा, “मैं अपनी निराशा किससे कहूं, समझ नहीं आ रहा.” पिछले साल नवंबर में मंत्री ने घोषणा की थी कि मार्च में अर्जेंटीना टीम और लियोनेल मेसी केरल आएंगे, लेकिन अब यह सपना टूट गया है.
मंत्री का राजनीतिक फैसला
इस बीच, अब्दुरहीमान ने बताया कि वे तिरुर सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं. यह उनका गृह क्षेत्र है जहां विकास की कई शिकायते है. उन्होंने साफ किया कि यह फैसला किसी मजबूत सीट की तलाश में नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास के लिए लिया गया है. केरल विधानसभा चुनाव 9 अप्रैल को होने हैं.
यह पूरा मामला केरल में फुटबॉल के शौकीनों के बीच काफी चर्चा में है. अर्जेंटीना टीम और मेसी जैसे विश्व प्रसिद्ध खिलाड़ी के आने की उम्मीद ने लोगों में जोश भर दिया था, लेकिन अब धोखे के आरोपों ने माहौल को निराशाजनक बना दिया है। केरल सरकार और मंत्री अब आगे क्या कानूनी कदम उठाते हैं, इस पर सबकी नजर है.


