दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश, ग्रेटर नोएडा में गिरे ओले
दिल्ली-एनसीआर में अचानक मौसम बदला, तेज हवाओं और बारिश से गर्मी से राहत मिली लेकिन ट्रैफिक प्रभावित हुआ. वहीं ग्रेटर नोएडा में ओलावृष्टि से किसानों की गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा.

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने शुक्रवार को अचानक करवट बदल ली और लोगों को तपती गर्मी से राहत मिल गई. दिन के समय जहां तेज धूप और गर्मी का असर बना हुआ था. वहीं शाम होते-होते आसमान में काले बादल छा गए. इसके बाद तेज हवाएं चलने लगीं और कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई. दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी मौसम का यही मिजाज देखने को मिला.
ट्रैफिक पर पड़ा असर
मौसम विभाग के अनुसार, शाम के दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई. बादलों की गरज और बिजली की चमक के बीच हुई बारिश ने शहर का माहौल पूरी तरह बदल दिया. हालांकि, इस अचानक हुए बदलाव का असर ट्रैफिक पर भी पड़ा. कई मुख्य सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इसके तहत शुक्रवार और शनिवार की रात में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. सोशल मीडिया पर भी बारिश के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें जनपथ, बदरपुर और इंडिया गेट जैसे इलाकों में तेज बारिश देखी जा सकती है. कुछ लोग छाता लेकर खुद को बचाते नजर आए, तो कई लोग बारिश का आनंद लेते हुए भी दिखे.
क्या है मौसम विभाग का अनुमान?
पिछले कुछ दिनों से दिल्ली का तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था, जो सामान्य से अधिक था. लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में ठंडक घुल गई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले तीन दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है. 4 अप्रैल को भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है.
वहीं, ग्रेटर नोएडा में मौसम ने और भी ज्यादा कहर बरपाया. तेज हवाओं और बारिश के साथ कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई, खासकर दनकौर क्षेत्र में. इस बेमौसम बारिश और ओलों ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. गेहूं की फसल कटाई के अंतिम चरण में थी, लेकिन बारिश और ओलों के कारण फसल को भारी नुकसान पहुंचा है. कई खेतों में पानी भर गया और गेहूं की गुणवत्ता प्रभावित हुई.
आने वाले दिनों की बात करें तो 3 और 4 अप्रैल को दिल्ली-एनसीआर में मौसम ऐसा ही बना रह सकता है. 5 अप्रैल के बाद कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि अगले सप्ताह फिर से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं.


