मौसम साफ था, फिर प्लेन कैसे क्रैश? संजय राउत का बड़ा सवाल, अजित पवार की मौत अब जांच के घेरे में

महाराष्ट्र की राजनीति में तूफान मचा हुआ है, जहां उपमुख्यमंत्री अजित पवार की प्लेन क्रैश में हुई दुखद मौत पर अब गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. शिवसेना के प्रमुख नेता संजय राउत और पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ने इस हादसे को संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की है, जिससे सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

मुंबई: शिवसेना के प्रमुख नेता संजय राउत ने महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत पर गंभीर संदेह जताया है. दिल्ली में बजट सत्र के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने इस हादसे को संदिग्ध करार दिया और पूरी जांच की मांग की.

अजित दादा की मौत पर उठे सवाल

28 जनवरी 2026 को बारामती एयरपोर्ट के पास लीयरजेट 45 विमान के क्रैश में अजित पवार सहित पांच लोगों की जान चली गई. विमान मुंबई से बारामती जा रहा था, जहां अजित पवार स्थानीय चुनावों के लिए रैलियां करने वाले थे. हादसे के बाद आधिकारिक तौर पर इसे दुर्घटना बताया गया, लेकिन कई नेताओं ने इसकी परिस्थितियों पर सवाल खड़े किए हैं. संजय राउत ने कहा कि एक बड़े नेता की इस तरह की मौत सामान्य नहीं लगती. उन्होंने इसे जस्टिस भी.एच. लोया मामले से जोड़ते हुए पूछा कि क्या यहां भी कोई छिपा हुआ सच है. राउत का कहना है कि हादसे से ठीक पहले कुछ राजनीतिक घटनाक्रम हुए थे, जो संदेह पैदा करते हैं.

सिंचाई घोटाले की फाइलों का जिक्र

राउत ने आरोप लगाया कि अजित पवार एनसीपी के दो गुटों के विलय यानी घर वापसी की तैयारी कर रहे थे. इस दौरान बीजेपी से जुड़े कुछ लोगों ने उन्हें सिंचाई घोटाले की पुरानी फाइलों से धमकाया था. अजित पवार ने भी इसका जवाब दिया था. महज 10 दिनों के भीतर ही इतना बड़ा हादसा हो गया. राउत ने पूछा कि इससे क्या निष्कर्ष निकाला जाए? उन्होंने कहा कि पर्दे के पीछे कुछ तो हुआ है, और इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.

अनिल देशमुख ने भी जांच की मांग की

पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ने भी इस घटना पर गहरी शंका जताई. उन्होंने बताया कि उस दिन मौसम पूरी तरह साफ था, विजिबिलिटी अच्छी थी. फिर भी विमान अचानक टिल्ट होकर क्रैश कैसे हो गया? उपलब्ध वीडियो फुटेज में भी दूर से ली गई तस्वीरें साफ दिख रही हैं, लेकिन विमान लैंडिंग से ठीक पहले झुककर गिर गया. देशमुख का मानना है कि ब्लैक बॉक्स की जांच से कई राज खुल सकते हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए, ताकि सच सामने आए.

राजनीतिक गलियारों में हलचल

इस हादसे पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी शुरुआत में सवाल उठाए थे, हालांकि एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने इसे साजिश बताने से इनकार किया था. अब संजय राउत और अनिल देशमुख जैसे विपक्षी नेताओं के बयानों से राजनीतिक बहस तेज हो गई है. राउत ने स्पष्ट किया कि ये सवाल सिर्फ विपक्ष नहीं, बल्कि अजित पवार की अपनी पार्टी के कुछ लोगों के मन में भी उठ रहे हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag