औरंगाबाद में पांच लड़कियों ने खाया जहर, चार की मौत, गांव में कोई कुछ बोलने बताने वाला नहीं

बिहार के औरंगाबाद में कथित तौर पर पांच नाबालिग लड़कियों द्वारा एक साथ जहर खाने की बात सामने आई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस घटना में चार लड़कियों की मौत हो गई, जबकि एक लड़की की जान बच गई.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

बिहार के औरंगाबाद जिले से एक बेहद गंभीर और हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां हासपुरा थाना क्षेत्र के अमझर शरीफ पंचायत अंतर्गत सैदपुर गांव में कथित तौर पर पांच नाबालिग लड़कियों द्वारा एक साथ जहर खाने की बात सामने आई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस घटना में चार लड़कियों की मौत हो गई, जबकि एक लड़की की जान बच गई. इस खबर के सामने आने के बाद गांव और आसपास के इलाकों में डर और बेचैनी का माहौल बन गया है.

पुलिस को सूचित किए बिना किया अंतिम संस्कार 

स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि पांचों नाबालिग लड़कियों ने एक ही समय पर जहर का सेवन किया था. घटना के कुछ समय बाद चार लड़कियों की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई, जबकि एक लड़की को बचा लिया गया. ग्रामीणों के अनुसार, मृतक लड़कियों के परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही चारों का अंतिम संस्कार एक साथ कर दिया. यही बात इस पूरे मामले को और भी गंभीर और संदेहास्पद बना रही है.

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस घटना की जानकारी पुलिस को काफी समय तक नहीं दी गई. गांव के लोगों ने पूरी तरह से चुप्पी साध रखी थी और किसी भी तरह की जानकारी साझा करने से इनकार कर रहे थे. बताया जा रहा है कि यह घटना बीते गुरुवार की है, लेकिन स्थानीय मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद ही प्रशासन का ध्यान इस ओर गया. खबर सामने आते ही जिला प्रशासन सक्रिय हुआ और मामले की जांच शुरू की गई.

सैदपुर गांव में पसरा सन्नाटा 

रविवार दोपहर करीब दो बजे दाउदनगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अशोक कुमार दास सैदपुर गांव पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. जांच के दौरान पुलिस को कई असामान्य परिस्थितियों का सामना करना पड़ा. अधिकारियों के अनुसार, जब पुलिस टीम गांव में पहुंची तो वहां एक भी पुरुष मौजूद नहीं था. गांव में पसरा सन्नाटा और लोगों की चुप्पी ने जांच को और भी पेचीदा बना दिया.

पुलिस का कहना है कि अब तक गांव के किसी भी व्यक्ति ने आधिकारिक तौर पर यह पुष्टि नहीं की है कि पांच लड़कियों ने जहर खाया था या चार की मौत वास्तव में कैसे हुई. मामले की गंभीरता को देखते हुए मगध रेंज के आईजी क्षत्रनील सिंह और औरंगाबाद के एसपी इमामबाड़ीश राहुल भी गांव पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag