कपिल शर्मा के कैफे के बाहर चौथी बार फायरिंग, क्या इसके पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग गैंग का हाथ?

कॉमेडी के किंग और मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि कनाडा में स्थित उनके कैफे के पास हुई फायरिंग की घटना है. बताया जा रहा है कि यह चौथी बार है जब उनके कैफे को निशाना बनाया गया है, हमले के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: भारत के मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं. कनाडा के सरे में स्थित उनके ‘कैप्स कैफे’ के पास एक रेस्टोरेंट में गोलीबारी की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावों के मुताबिक, इस हमले के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ बताया जा रहा है. कुछ पोस्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि कपिल शर्मा को सीधे तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई है, हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है.

कैफे के पास रेस्टोरेंट पर हुई फायरिंग

सोशल मीडिया पर 'टायसन बिश्नोई जोरा सिद्धू' नाम के फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है. इस पोस्ट में दावा किया गया है कि सरे स्थित Chai Sutta Bar पर गोलीबारी की गई, जो Kap's Cafe के बिल्कुल पास है.

पोस्ट में कपिल शर्मा और कैफे मालिक को चेतावनी देते हुए कहा गया है कि वे “समय बर्बाद न करें” और उनकी शर्तों को मान लें. साथ ही यह भी इशारा किया गया कि अगर ऐसा नहीं किया गया, तो कैफे और मुंबई स्थित उनके घर को भी निशाना बनाया जा सकता है.

2025 से जारी है हमलों का सिलसिला

यह पहली बार नहीं है जब कपिल शर्मा के कैफे को निशाना बनाया गया हो. साल 2025 से इस तरह की घटनाओं का सिलसिला जारी है.

  • 10 जुलाई 2025: कैफे के उद्घाटन के कुछ दिन बाद पहली बार फायरिंग
  • 7 अगस्त 2025: एक महीने के भीतर दूसरी बार हमला
  • 15-16 अक्टूबर 2025: तीसरी बार कैफे पर गोलीबारी

तीसरे हमले के बाद बिश्नोई नेटवर्क से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया पर इसकी जिम्मेदारी ली थी.

सलमान खान से जुड़ाव बना वजह?

गैंग से जुड़े दावों के अनुसार, कपिल शर्मा को निशाना बनाने के पीछे उनका Salman Khan के साथ संबंध बताया जा रहा है.

बताया जाता है कि 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के लॉन्च में सलमान खान को बुलाने के बाद यह नाराजगी बढ़ी. गैंग से जुड़े एक सदस्य ने पहले भी चेतावनी दी थी कि जो भी सलमान खान के साथ काम करेगा, उसे अंजाम भुगतना होगा.

पुरानी दुश्मनी से जुड़ा मामला

लॉरेंस बिश्नोई गैंग और सलमान खान के बीच विवाद 1998 के काले हिरण शिकार मामले से जुड़ा है. बिश्नोई समुदाय काले हिरण को पवित्र मानता है, जिसके चलते यह विवाद लंबे समय से जारी है.

इसी वजह से गैंग की ओर से सलमान खान और उनके करीबी लोगों को लगातार धमकियां दी जाती रही हैं.

पहले भी जता चुके हैं चिंता

अपनी फिल्म 'किस किसको प्यार करूं 2' के ट्रेलर लॉन्च के दौरान कपिल शर्मा ने इन घटनाओं पर चिंता जताई थी. उन्होंने कहा था कि उन्हें लगता है कि कनाडा के कानून और पुलिस इस तरह की घटनाओं को नियंत्रित करने में पूरी तरह सक्षम नहीं हैं.

इन हमलों के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा कारणों से भारत में उनकी सुरक्षा भी बढ़ा दी थी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो