रस्म, वंश, प्रेम या मोक्ष हिंदू धर्म में क्या है विवाह का असली मतलब? यहां जानिए शादी करने की सही वजह

शादी का अर्थ हर कोई अलग-अलग तरीके से समझते हैं, लेकिन विवाह सिर्फ एक रस्म नहीं है और न ही कोई उत्सव है. हिंदू शास्त्रों में इस विशेष तरीके से उल्लेख किया गया है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: सनातन धर्म में शादी को मात्र एक सामाजिक रस्म या उत्सव नहीं माना जाता. यह एक पवित्र संस्कार है, जो व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देता है. हिंदू शास्त्रों में 16 संस्कारों का उल्लेख है, जिनमें विवाह का अपना विशेष स्थान है. यह दो व्यक्तियों के मिलन से कहीं आगे है. विवाह ब्रह्मचर्य आश्रम से गृहस्थ आश्रम में प्रवेश का प्रतीक है, जहां व्यक्ति समाज और परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करता है.

क्यों जरूरी है विवाह?

वेदों, खासकर ऋग्वेद के विवाह सूक्त में शादी को जीवन के एक नए अध्याय के रूप में देखा गया है. गृहस्थ आश्रम को सबसे महत्वपूर्ण आश्रम माना जाता है क्योंकि इसमें व्यक्ति न केवल अपना जीवन चलाता है बल्कि पूरे समाज का भला भी करता है. सनातन परंपरा में विवाह के कई गहरे उद्देश्य बताए गए हैं.

वंश की निरंतरता और अच्छी परवरिश

विवाह का एक प्रमुख उद्देश्य परिवार की निरंतरता है, लेकिन इसका मतलब केवल बच्चे पैदा करना नहीं है. सनातन धर्म के अनुसार, माता-पिता का कर्तव्य है कि वे अपनी संतान को अच्छे संस्कार दें, सही शिक्षा प्रदान करें और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाएं. इस तरह विवाह सिर्फ व्यक्तिगत सुख नहीं, बल्कि समाज को बेहतर बनाने का माध्यम भी बनता है.

सुख-दुख का साथी बनना

शादी के बाद पति और पत्नी एक-दूसरे के सबसे करीबी साथी बनते हैं. जीवन में आने वाले खुशी के पलों को दोगुना करते हैं और मुश्किल समय में एक-दूसरे का हाथ थामते हैं. ब्रह्मचर्य से गृहस्थ जीवन में आने पर व्यक्ति से यही अपेक्षा की जाती है कि वह अपना सारा सुख-दुख किसी विश्वसनीय साथी के साथ बांट सके. इससे जीवन संतुलित और मजबूत होता है.

प्रेम, मित्रता और करुणा का विकास

विवाह में दो अजनबी लोग धीरे-धीरे एक-दूसरे को समझते हैं. रिश्ते में केवल प्यार ही नहीं, सच्ची दोस्ती और एक-दूसरे के प्रति करुणा भी विकसित होती है. जब पति-पत्नी इन भावनाओं के साथ जीवन बिताते हैं, तो घर में सकारात्मक माहौल बनता है और परिवार मजबूत होता है. 

आध्यात्मिक यात्रा का साथ

सनातन धर्म में विवाह का सबसे गहरा अर्थ आध्यात्मिक है. पति और पत्नी केवल इस दुनिया के साथी नहीं होते, बल्कि एक-दूसरे की आत्मिक उन्नति में भी मदद करते हैं. वे साथ मिलकर धर्म का पालन करते हैं, पुण्य कर्म करते हैं और जीवन को सही मार्ग पर ले जाते हैं. इस तरह विवाह भौतिक सुख के साथ-साथ मोक्ष की ओर बढ़ने का भी साधन बन जाता है.

जानकारी के लिए बता दें, हिंदू विवाह सिर्फ फेरे लेना या मंत्र पढ़ना नहीं है. यह दो आत्माओं का मिलन है जो जिम्मेदारी, प्रेम और आध्यात्मिकता के साथ जीवन की यात्रा शुरू करते हैं. आज के समय में भी इन मूल्यों को समझकर ही हम सुखी और अर्थपूर्ण वैवाहिक जीवन बना सकते हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो