T20 World Cup Final से पहले ग्रैंड एंटरटेनमेंट शो, फाल्गुनी पाठक से रिकी मार्टिन तक देंगे शानदार परफॉर्मेंस

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज टी20 विश्वकप 2026 का फाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा. मैच से पहले फाल्गुनी पाठक, सुखबीर सिंह और अंतरराष्ट्रीय स्टार रिकी मार्टिन की शानदार प्रस्तुतियों से माहौल और भी रोमांचक बनेगा.

Shraddha Mishra

क्रिकेट प्रेमियों के लिए आज का दिन बेहद खास है. दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियमों में से एक नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज टी20 विश्व कप का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा. इस बड़े मैच में भारत और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगी. क्रिकेट के इस महामुकाबले को और खास बनाने के लिए स्टेडियम में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बॉलीवुड और अंतरराष्ट्रीय संगीत सितारे अपनी प्रस्तुति देंगे. इस कार्यक्रम से मैच का माहौल और भी उत्सव जैसा बनने वाला है.

फाल्गुनी पाठक से होगी कार्यक्रम की शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत मशहूर गायिका फाल्गुनी पाठक की प्रस्तुति से होगी. गुजरात की लोकप्रिय कलाकार फाल्गुनी पाठक अपने हिट गीतों से स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर देंगी. बताया जा रहा है कि वे अपने लोकप्रिय गीत 'मैंने पायल है छनकाई' और 'ओ पिया' पर खास प्रस्तुति देंगी. उनके साथ लगभग 50 बॉलीवुड डांसर भी मंच पर प्रदर्शन करेंगे. इस प्रस्तुति के साथ स्टेडियम का माहौल पूरी तरह उत्सव में बदल जाएगा.

सुखबीर सिंह का पंजाबी संगीत भी करेगा धमाल

कार्यक्रम में पंजाबी पॉप संगीत के मशहूर कलाकार सुखबीर सिंह भी अपनी प्रस्तुति देंगे. उन्हें भांगड़ा संगीत के लिए खास पहचान मिली है. सुखबीर अपने प्रसिद्ध गीत 'इश्क (ओह हो हो हो)' और 'दिल करे' जैसे गानों के साथ मंच पर धमाल मचाने वाले हैं. उनके साथ ढोल की थाप और डांसर्स की टीम दर्शकों को पंजाबी बीट्स पर झूमने के लिए मजबूर कर देगी.

रिकी मार्टिन करेंगे समापन

इस भव्य कार्यक्रम का समापन अंतरराष्ट्रीय पॉप स्टार रिकी मार्टिन के प्रदर्शन के साथ होगा. दो बार ग्रैमी और कई लैटिन ग्रैमी पुरस्कार जीत चुके रिकी मार्टिन अपने ऊर्जावान लाइव शो के लिए दुनिया भर में जाने जाते हैं. वे अपने प्रसिद्ध गानों लिविन ला विडा लोका, शी बैंग्स और फुटबॉल से जुड़ा लोकप्रिय गीत ला कोपा डे ला विडा पर प्रस्तुति देंगे. इतने बड़े क्रिकेट स्टेडियम में उनका प्रदर्शन इस आयोजन को और यादगार बना देगा.

शाम 7 बजे से शुरू होगा फाइनल मुकाबला

संगीत कार्यक्रम के बाद क्रिकेट का असली रोमांच शुरू होगा. टी20 विश्व कप का फाइनल मुकाबला शाम 7 बजे से खेला जाएगा. भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी. वहीं न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को मात देकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag