चलती ट्रेन में आशुतोष ब्रह्मचारी पर चाकू से हमला, नाक काटने की कोशिश... टॉयलेट में बंद होकर बचाई जान!
प्रयागराज जा रही रीवा एक्सप्रेस में आशुतोष ब्रह्मचारी पर चलती ट्रेन में ही जानलेवा हमला हो गया. उनका आरोप है कि एक हमलावर ने धारदार हथियार से उनकी नाक काटने की कोशिश की और कई बार वार किए.

श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण के प्रमुख वादी आशुतोष ब्रह्मचारी पर रविवार तड़के चलती ट्रेन में जानलेवा हमला हुआ है. रीवा एक्सप्रेस में प्रयागराज जा रहे आशुतोष ब्रह्मचारी पर धारदार हथियार से वार किया गया, जिसमें उनकी नाक काटने की कोशिश की गई और शरीर के कई हिस्सों पर चोटें आईं. उन्होंने इस हमले के पीछे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके सहयोगियों की साजिश का आरोप लगाया है.
घटना फतेहपुर और सिराथू स्टेशन के बीच हुई, जहां हमलावर ने उन्हें टॉयलेट जाते समय निशाना बनाया. आशुतोष ब्रह्मचारी ने किसी तरह ट्रेन के बाथरूम में खुद को बंद कर अपनी जान बचाई. प्रयागराज जीआरपी थाने में लिखित शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है, जबकि घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है.
क्या है पूरा मामला?
आशुतोष ब्रह्मचारी के अनुसार, वे रीवा एक्सप्रेस से प्रयागराज आ रहे थे और ट्रेन फतेहपुर-सिराथू के बीच पहुंची थी. टॉयलेट जाने के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया. हमलावर ने सीधे नाक पर वार करने की कोशिश की और कई जगहों पर चोट पहुंचाई. अफरा-तफरी मचने पर उन्होंने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया, जिससे उनकी जान बच सकी.उन्होंने बताया कि हमलावर अकेला था, लेकिन संभव है कि उसके साथ अन्य लोग भी आसपास रहे हों. हमले में चेहरे और हाथों पर गहरी चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें मेडिकल सहायता दी गई.
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर साजिश का आरोप
आशुतोष ब्रह्मचारी ने आरोप लगाया कि उनकी नाक काटने के लिए पहले से 21 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था. उन्होंने कहा कि यह पूरी साजिश पहले से रची गई थी और इसमें स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद तथा उनके सहयोगियों की भूमिका हो सकती है.उन्होंने कहा कि मुझ पर सियासू स्टेशन पर धारदार हथियार से हमला हुआ, नाक काटने की कोशिश की गई. हमला करने वाला अकेला था.
उन्होंने आगे कहा- हम न्याय चाहते हैं, इनके खिलाफ कार्रवाई हो. नाबालिग बटुकों के साथ जिसने इतना बड़ा यौन शोषण किया, लैंगिक अपराध किया, ऐसे व्यक्ति को कैसे छूट मिल रही है. पुलिस पर दबाव बन रहा है. मुझ पर हमला कराया जा रहा है. हमको मारने का प्रयास किया गया है.
आशुतोष ब्रह्मचारी प्रयागराज क्यों जा रहे थे?
आशुतोष ब्रह्मचारी प्रयागराज हाईकोर्ट में एक मामले की पैरवी के लिए प्रयागराज पहुंच रहे थे. उनका कहना है कि पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज केस में उन्हें अपना जवाब दाखिल करना था. साथ ही श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण में 12 तारीख को सुनवाई होने के कारण भी वे जा रहे थे.
पुलिस जांच शुरू
प्रयागराज जीआरपी पुलिस ने आशुतोष ब्रह्मचारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस हमलावर की पहचान, हमले के मकसद और साजिश की जांच कर रही है. घटना की जानकारी फैलते ही श्रीकृष्ण जन्मभूमि मामले से जुड़े होने के कारण पूरे क्षेत्र में हलचल मच गई है.


