गूगल मैप पर भरोसा पड़ा भारी! शादी में जा रहे युवकों की कार नाले में लटकी, बाल-बाल बची जान

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में गूगल मैप के बताए रास्ते पर जा रहे दो युवक रात में भटक गए. संकरी सड़क पर कार नाले के किनारे लटक गई. राहगीरों की मदद से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और बड़ा हादसा टल गया.

Shraddha Mishra

उन्नाव: आज के समय में यात्रा के दौरान रास्ता ढूंढना पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है. स्मार्टफोन और डिजिटल नेविगेशन की मदद से लोग आसानी से किसी भी स्थान तक पहुंच जाते हैं. लेकिन कई बार तकनीक पर ज्यादा भरोसा करना खतरे की वजह भी बन सकता है. ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में सामने आया, जहां गूगल मैप के बताए रास्ते पर चलते हुए दो युवक मुश्किल में फंस गए. उनकी कार अचानक एक गहरे नाले के किनारे फिसलकर लटक गई. राहत की बात यह रही कि आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद कर दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और बड़ा हादसा होने से बच गया.

मिली जानकारी के अनुसार कानपुर के नौबस्ता इलाके में रहने वाले संदीप और सुनील कुमार शुक्रवार रात कार से उन्नाव के बारासगवर थाना क्षेत्र के भगवंतखेड़ा गांव जा रहे थे. गांव में सूर्यपाल यादव के घर शादी का कार्यक्रम था और दोनों उसी समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे. चूंकि उन्हें गांव तक पहुंचने का सही रास्ता नहीं मालूम था, इसलिए उन्होंने मोबाइल में Google Maps चालू किया और उसी के अनुसार गाड़ी चलाने लगे.

गूगल मैप ने दिखाया ग्रामीण रास्ता

संदीप ने बताया कि गूगल मैप उन्हें मुख्य सड़क से हटाकर ग्रामीण इलाके की ओर ले गया. मैप के अनुसार गांव का रास्ता लालकुआं से करीब एक किलोमीटर दूर बताया जा रहा था. इसी निर्देश के आधार पर वे आनंदी मंदिर से रुझई की तरफ मुड़ गए. शुरुआत में सड़क ठीक थी, लेकिन कुछ दूरी तय करने के बाद रास्ता संकरा और कच्चा हो गया. रात का समय होने की वजह से उन्हें रास्ते की हालत ठीक से समझ नहीं आई. धीरे-धीरे सड़क इतनी छोटी हो गई कि वहां चार पहिया वाहन ले जाना मुश्किल हो गया.

कार मोड़ते समय हुआ हादसा

जब दोनों युवकों को लगा कि आगे गाड़ी ले जाना संभव नहीं है, तो उन्होंने कार को वापस मोड़ने की कोशिश की. इसी दौरान बीघापुर-रुझई मार्ग पर शारदा नहर के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया. गाड़ी फिसलकर नाले की ढलान पर जा पहुंची और आधी हवा में लटक गई. यह दृश्य देखकर दोनों युवक घबरा गए और जोर-जोर से मदद के लिए आवाज लगाने लगे.

राहगीरों ने बचाई जान

युवकों की आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे कुछ लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने स्थिति को समझते हुए सावधानी से दोनों को कार से बाहर निकाला. अगर थोड़ी भी देर हो जाती तो कार नाले में गिर सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था. बाद में शनिवार सुबह हाइड्रा मशीन की मदद से कार को नाले से बाहर निकाला गया. घटना के बाद दोनों युवक काफी घबराए हुए थे, लेकिन सुरक्षित होने पर उन्होंने राहत की सांस ली.

ग्रामीणों की चेतावनी

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में पहले भी कई बार ऐसा हो चुका है. कई बार Google Maps शॉर्टकट दिखाते हुए ऐसे रास्तों पर ले जाता है जो वाहनों के लिए सही नहीं होते. खासकर गांवों और कच्ची सड़कों वाले क्षेत्रों में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag