मुंबईः बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ कहलाने वाले दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का सोमवार को 89 वर्ष की उम्र में देहांत हो गया. पिछले दिनों उन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालांकि, बाद में उन्हें छुट्टी दे दी गई थी और घर पर ही इलाज चल रहा था. आपको बता दें कि धर्मेंद्र आज भी भारतीय सिनेमा के सबसे प्रेरणादायक कलाकारों में से एक थे.
बहुमुखी प्रतिभा के धनी धर्मेंद्र ने एक्टिंग के साथ-साथ राजनीति में भी हाथ आजमाया था. साल 2004 में उन्होंने बीजेपी के टिकट पर राजस्थान की बीकानेर लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरकर बड़ी जीत हासिल की थी. उनकी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात के बाद हुई. चुनाव में धर्मेंद्र ने कांग्रेस प्रत्याशी रामेश्वर लाल डूडी को करीब 60 हजार से ज्यादा वोटों से हराया था. उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चुनाव प्रचार में पूरा देओल परिवार उनके साथ खड़ा था.
हालांकि धर्मेंद्र ने राजनीति में जोरदार शुरुआत की थी, लेकिन जल्द ही उन्हें महसूस हुआ कि यह दुनिया उनके स्वभाव और कार्यशैली के अनुकूल नहीं है. उस समय केंद्र में कांग्रेस सरकार थी और कई राजनीतिक परिस्थितियों के चलते धर्मेंद्र को अपने काम को आगे बढ़ाने में कठिनाइयां आने लगीं.
सांसद बनने के बावजूद वे अपनी व्यस्तताओं के कारण अधिकतर समय मुंबई में रहते थे, जिससे उनके लोकसभा क्षेत्र बीकानेर के लोगों में नाराजगी बढ़ने लगी. पांच साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद धर्मेंद्र ने राजनीति से दूरी बना ली और इसे अपना अंतिम फैसला बताया. उन्होंने इंटरव्यू में स्वीकार किया था कि उन्होंने बीकानेर के लिए कई काम किए, लेकिन उनका श्रेय किसी और को मिल गया, जो उनके लिए निराशाजनक रहा.
धर्मेंद्र अकेले नहीं हैं जिन्होंने राजनीति में कदम रखा. उनके बेटे सनी देओल भी 2019 में बीजेपी टिकट पर गुरदासपुर सीट से चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे. हालांकि वे भी अब सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए हुए हैं. वहीं धर्मेंद्र की पत्नी और मशहूर अभिनेत्री हेमा मालिनी आज भी भारतीय राजनीति में सक्रिय हैं. वे मथुरा से बीजेपी सांसद हैं और लगातार अपने संसदीय क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं. First Updated : Monday, 24 November 2025