नई दिल्ली: साउथ सुपरस्टार राम चरण की हाल ही में रिलीज फिल्म 'पेड्डी' बॉक्स ऑफिस पर बंपर कमाई के साथ भले ही सफलता के नए कीर्तिमान रच रही हो लेकिन फिल्म को लेकर एक बहुत बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. फिल्म में मुख्य अभिनेत्री जाह्नवी कपूर के किरदार 'अचियम्मा' को पर्दे पर जिस तरह से पेश किया गया है उसे लेकर दर्शकों और सिनेमा प्रेमियों में भारी गुस्सा है.
जाह्नवी को 'ऑब्जेक्टिफाई' करने का आरोप
सोशल मीडिया पर लोग मेकर्स पर जाह्नवी को 'ऑब्जेक्टिफाई' करने का आरोप लगा रहे हैं और कई दृश्यों को 'अश्लील' व 'महिलाओं का अपमान' करार दे रहे हैं. विवाद इतना बढ़ गया कि निर्देशक बुच्ची बाबू सना को खुद सामने आकर यह ऐलान करना पड़ा कि फिल्म से सभी विवादित और आपत्तिजनक सीन्स को बदला जाएगा.
पर्सनल चैट्स वायरल
इस पूरे हंगामे के बीच सोशल मीडिया पर जाह्नवी कपूर की कुछ कथित पर्सनल चैट्स वायरल हो रही हैं जिन्हें उनके फैन क्लब्स ने लीक किया है. दावा किया जा रहा है कि यह बातचीत जाह्नवी और उनके कुछ करीबियों या फैंस के बीच की है. इन मैसेजेस से यह साफ जाहिर होता है कि जाह्नवी फिल्म की शूटिंग के दौरान कुछ खास तरह के कैमरा एंगल्स को लेकर बेहद असहज और परेशान थीं.
ब्रेस्ट और कमर के शॉट न ले
लीक हुए स्क्रीनशॉट्स के अनुसार जाह्नवी कपूर ने शूटिंग के दौरान ही मेकर्स के सामने अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई थी. 30 अक्टूबर 2025 के एक कथित मैसेज में जाह्नवी ने लिखा था, मैंने उनसे साफ तौर पर कह दिया था कि फिल्म में मेरे ब्रेस्ट और कमर के शॉट्स न लिए जाएं.
तुम फिर कभी उसके ऐसे एंगल्स क्लिक नहीं करोगे
जाह्नवी की इस परेशानी को देखकर उनके को-स्टार राम चरण उनके समर्थन में उतर आए थे. राम चरण ने जाह्नवी का पक्ष लेते हुए निर्देशक पर गुस्सा भी जाहिर किया था. जाह्नवी ने लिखा, राम सर बहुत अच्छे इंसान हैं. वह डायरेक्टर पर चिल्लाए भी थे और सख्त लहजे में कहा था कि तुम फिर कभी उसके ऐसे एंगल्स क्लिक नहीं करोगे.
साउथ में ऐसा अक्सर होता रहता है
लीक हुई इस बातचीत में जाह्नवी कपूर की बेबसी और निराशा साफ झलकती है. जब फैंस ने इस मामले की तुलना फिल्म 'गेम चेंजर' में कियारा आडवाणी के किरदार की हुई आलोचनाओं से की तो जाह्नवी ने कथित तौर पर जवाब दिया, नहीं, इस फिल्म में कैमरा एंगल्स बदतर थे. लेकिन राम सर ने साफ मना कर दिया और काम रुकवा दिया. एक अन्य चैट में उन्होंने साउथ फिल्म इंडस्ट्री के इस रवैये पर तंज कसते हुए लिखा, साउथ में ऐसा अक्सर होता रहता है.
राम चरण ने फिल्म निर्देशक का किया विरोध
इस पूरी घटना ने एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री में महिला अभिनेत्रियों के साथ होने वाले बर्ताव और कैमरा एंगल्स के नाम पर होने वाले अश्लील प्रदर्शन को बहस के केंद्र में ला खड़ा किया है. दर्शक अब राम चरण के इस कदम की सराहना कर रहे हैं, जिन्होंने एक सह-कलाकार के सम्मान के लिए अपनी ही फिल्म के निर्देशक का विरोध किया. First Updated : Sunday, 07 June 2026