सैफ की जान बचाने वाले ऑटो ड्राइवर को 1 लाख रुपये इनाम देंगे मीका सिंह, बोले- 11 लाख मिलने चाहिए
सिंगर मीका सिंह ने सैफ अली खान को अस्पताल पहुंचाने वाले ऑटो ड्राइवर भजन सिंह को 1 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है. इसके साथ ही, सैफ से राशि को बढ़ाकर 11 लाख रुपये करने का आग्रह किया है. भजन सिंह की बहादुरी की सोशल मीडिया पर सराहना हो रही है.

बॉलीवुड के मशहूर सिंगर मीका सिंह ने सैफ को अस्पताल पहुंचाने वाले ऑटो ड्राइवर भजन सिंह को 1 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है. उन्होंने सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा करते हुए सैफ से भी आग्रह किया कि इस इनाम की राशि को बढ़ाकर 11 लाख रुपये किया जाए. रिपोर्ट्स के अनुसार, पहले सैफ की टीम ने भजन सिंह को 50,000 रुपये का इनाम दिया था.
एक्टर को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने वाले ऑटो ड्राइवर की सोशल मीडिया पर खूब सराहना हो रही है. सिंगर मीका सिंह ने भी उनकी तारीफ करते हुए अपने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर की है. दरअसल, सैफ अली खान की मदद के लिए भजन सिंह राणा को एक संस्था ने 11,000 रुपये का इनाम दिया है. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मीका सिंह ने लिखा कि सैफ अली खान की जान बचाने वाले इस ऑटो ड्राइवर को कम से कम 11 लाख रुपये इनाम के तौर पर मिलने चाहिए.
मीका सिंह ने कहा, "उन्होंने जो काम किया है, जो हिम्मत दिखाई है, वह वाकई में काबिले तारीफ है. अगर किसी के पास इस ऑटो ड्राइवर के संपर्क की जानकारी है, तो कृपया मेरे साथ साझा करें. मैं उनकी हिम्मत के लिए उन्हें 1 लाख रुपये का इनाम देना चाहता हूं.
आपको बता दें कि जिस समय सैफ अली खान पर हमला हुआ था, उस वक्त उनके घर में कोई ड्राइवर मौजूद नहीं था. ऐसे में उनके घर में काम करने वाली एक मेड ने सड़क पर जाकर एक ऑटो रिक्शा वाले को रोका और ड्राइवर से लीलावती अस्पताल जाने के लिए कहा.


