'भागम भाग 2' में मनोज बाजपेयी की एंट्री, इस बड़े एक्टर की होगी छुट्टी
‘भागम भाग’ फिल्म के सीक्वल को लेकर चर्चा तेज हो गई है. ताजा मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सीक्वल में ओरिजिनल कास्ट में बड़ा बदलाव किया गया है. खबर है कि इस बार गोविंदा फिल्म का हिस्सा नहीं होंगे.

साल 2006 में रिलीज़ हुई कॉमेडी फिल्म ‘भागम भाग’ को आज भी दर्शक याद करते हैं. अक्षय कुमार, गोविंदा और परेश रावल की तिकड़ी ने फिल्म में हास्य, कन्फ्यूजन और टाइमिंग का ऐसा मेल दिखाया था जो इसे कल्ट एंटरटेनर बना गया. अब करीब दो दशक बाद इस फिल्म के सीक्वल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. हालांकि, ‘भागम भाग 2’ की स्टारकास्ट को लेकर बना सस्पेंस फैंस के लिए चौंकाने वाला साबित हो सकता है.
फिल्म में मनोज बाजपेयी की एंट्री
ताजा मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सीक्वल में ओरिजिनल कास्ट में बड़ा बदलाव किया गया है. खबर है कि इस बार गोविंदा फिल्म का हिस्सा नहीं होंगे. उनकी जगह अभिनेता मनोज बाजपेयी को एक अहम किरदार के लिए चुना गया है. यह बदलाव इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि पहली फिल्म की सफलता में गोविंदा की कॉमिक टाइमिंग का बड़ा योगदान माना जाता रहा है. लंबे समय से दर्शक गोविंदा को एक बार फिर उसी अवतार में देखने की उम्मीद लगाए बैठे थे.
गौरतलब है कि गोविंदा साल 2019 में आई फिल्म रंगीला राजा के बाद से बड़े पर्दे से लगभग दूर हैं. ऐसे में ‘भागम भाग’ जैसी सुपरहिट फ्रेंचाइज़ी से उनका बाहर होना फैंस के लिए थोड़ा निराशाजनक हो सकता है. वहीं मेकर्स इस बार कहानी को एक नई रचनात्मक दिशा में ले जाना चाहते हैं. इस सीक्वल का निर्देशन राज शांडिल्य कर रहे हैं, जो फिल्म में पुराने कन्फ्यूजन, गलत पहचान और तेज रफ्तार हास्य को नए अंदाज़ में पेश करने की तैयारी में हैं.
अक्षय कुमार और परेश रावल की वापसी तय
फिल्म में अक्षय कुमार और परेश रावल की वापसी तय मानी जा रही है, जिससे दर्शकों को पुराने मज़े की झलक मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा, अभिनेत्री मीनाक्षी चौधरी भी इस प्रोजेक्ट से जुड़ चुकी हैं. वह फीमेल लीड के रूप में नजर आएंगी और अक्षय कुमार के अपोज़िट दिखाई देंगी. मीनाक्षी लंबे समय बाद हिंदी सिनेमा में वापसी कर रही हैं. वहीं मनोज बाजपेयी के साथ नजर आने वाली लीड एक्ट्रेस को लेकर अभी तलाश जारी है.
बताया जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग अगले महीने मुंबई में शुरू हो सकती है. अक्षय कुमार के लिए यह फिल्म उनकी आने वाली कॉमेडी फिल्मों की लंबी लिस्ट का हिस्सा है, जिसमें भूत बंगला, वेलकम टू द जंगल और गोलमाल 5 जैसी बड़ी परियोजनाएं शामिल हैं. दूसरी ओर, मनोज बाजपेयी के लिए यह फिल्म एक अलग और दिलचस्प प्रयोग साबित हो सकती है, जहां वह अपनी गंभीर छवि से हटकर हाई-एनर्जी कमर्शियल कॉमेडी में नजर आएंगे.


