नई दिल्ली: अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों ने ईरान की राजधानी तेहरान सहित कई शहरों को तबाही के हवाले कर दिया है. मिसाइलों की बौछार से ईरान में हर तरफ वीरानी और दुख का माहौल छा गया है. इस बीच ईरान में जन्मीं बॉलीवुड अभिनेत्री मंदाना करीमी बेहद दुखी और व्यथित नजर आ रही हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक वीडियो शेयर कर ईरान के लोगों की सुरक्षा के लिए दुआ मांगी है और अपनी पीड़ा व्यक्त की है.
मंदाना करीमी, जो तेहरान की मूल निवासी हैं लेकिन पिछले कई सालों से भारत में रह रही हैं, उन्होनें इंस्टाग्राम स्टोरी पर रोते हुए वीडियो पोस्ट किया. वीडियो में उनके चेहरे पर गहरा दर्द साफ झलक रहा है. हमले की खबरों और खामेनेई की मौत के बाद ईरान में कुछ लोगों की खुशी को देखकर भी मंदाना ने गहरा दुख जताया है.
मंदाना करीमी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किए वीडियो में रोते-बिलखते हुए कहा. वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा- बहुत ज्यादा दर्द है, बहुत ज्यादा उम्मीद भी है. शायद अब नौरोज (ईरानी नया साल) आखिरकार अब अलग होगा. ईरान के लिए दुआ करें. उनके इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर गहरा असर छोड़ा है, जहां लोग ईरान की स्थिति पर चिंता जता रहे हैं.
अमेरिका-इजरायल हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत की खबरों के बाद कुछ वीडियो में लोगों को खुशियां मनाते दिखा. इस पर मंदाना ने अपनी एक स्टोरी में लिखा- कई बार लोग जंग की वजह से खुश नहीं होते हैं, बल्कि वो दम घुटने वाली सिचुएशन के खत्म होने पर खुश होते हैं. क्योंकि जब आप कई सालों तक प्रेशर में रहते हो और आपके सपने छोटे से छोटे होने लगते हैं. आप हर सुबह एंग्जाइटी के साथ उठते हो. कई लोग जंग को मुक्ति की तरह देखते हैं, वो इसलिए नहीं, क्योंकि उन्हें तबाही पसंद है, बल्कि इसलिए क्योंकि उन्हें लगता है कि उनके पास खोने के लिए अब कुछ नहीं बचा है.
मंदाना करीमी तेहरान में जन्मीं हैं, लेकिन पिछले कई सालों से भारत में रह रही हैं. उन्होंने मॉडलिंग से करियर शुरू किया और बाद में बॉलीवुड में एंट्री ली. वे 'भाग जॉनी', 'क्या कूल हैं हम' जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं. सलमान खान के शो बिग बॉस में भी उन्होंने हिस्सा लिया था. साल 2022 में एकता कपूर के रियलिटी शो 'लॉक अप' में भी मंदाना दिखी थीं. First Updated : Sunday, 01 March 2026