पूजा भट्ट का बड़ा खुलासा: बॉबी देओल के साथ था रिश्ता, बताया उस दौर को मैजिकल, फिर क्यों अलग हुए

पूजा भट्ट ने इंटरव्यू में बॉबी देओल संग अपने पुराने रिश्ते को स्वीकारते हुए उसे जादुई बताया. उन्होंने 11 साल की शादी टूटने, भावनात्मक संघर्ष और पिता महेश भट्ट के संदेश से जीवन बदलने की कहानी भी साझा की.

calender

मुंबई: पूजा भट्ट उन चुनिंदा सेलेब्रिटीज में से एक हैं जो अपनी निजी और पेशेवर जिंदगी पर खुलकर बात करती हैं. हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान अपने जीवन से जुड़े कई अहम पहलुओं पर बेबाकी से चर्चा की, जिसमें पिता महेश भट्ट के साथ संबंध, उनकी दूसरी शादी, परवीन बॉबी की बीमारी और बॉबी देओल के साथ अपने पुराने रिश्ते का जिक्र शामिल रहा.

एक इंटरव्यू में पूजा भट्ट ने अपने और बॉबी देओल के रिश्ते को लेकर भी बड़ा खुलासा किया. उन्होंने स्वीकार किया कि दोनों के बीच प्यार था, हालांकि यह रिश्ता लंबे समय तक टिक नहीं सका. इसके साथ ही उन्होंने अपनी शादी के टूटने और उस कठिन दौर में आए बदलावों पर भी विस्तार से बात की.

बॉबी देओल संग रिश्ते पर खुलकर बात

बॉबी देओल के साथ अपने रिश्ते को लेकर पूछे गए सवाल पर पूजा भट्ट ने साफ कहा कि उनके बीच प्यार था. उन्होंने बताया, हम अलग-अलग सिचुएशन में जी रहे थे. उनके साथ काफी जादुई समय था. वह एक मैजिकल इंसान थे जिनके साथ में रही. लेकिन मुझे नहीं लगता कि यह सही समय है इस पर डिस्कस करने का कि क्यों हम साथ नहीं हुए.

रिश्ता क्यों नहीं चला, पूजा ने बताई वजह

अपने रिश्ते के टूटने पर विस्तार से बात करते हुए पूजा भट्ट ने कहा कि वह इस विषय को अब ज्यादा नहीं खोलना चाहतीं, खासकर जब सामने वाले की निजी जिंदगी आगे बढ़ चुकी है. उन्होंने कहा, बॉबी आज शादीशुदा हैं और उनके बच्चे बड़े हो गए हैं. मैं उनको लेकर काफी खुश हूं. मैं अभी इस बारे में बात कर उस अच्छे वक्त को खराब नहीं करना चाहती हूं. हमें हमेशा उन लोगों को लेकर डिग्निटी बनाकर रखनी चाहिए जो हमारी लाइफ में रहे थे और उनको लेकर भी जो उनकी लाइफ में अब हैं.

11 साल लंबी शादी टूटने पर बोलीं पूजा भट्ट

अपनी शादी के टूटने को लेकर पूजा भट्ट ने कहा कि यह उनके जीवन का बेहद कठिन दौर था. उन्होंने बताया कि शुरुआती समय में रिश्ता काफी अच्छा था, लेकिन धीरे-धीरे स्थिति बदल गई. पूजा ने कहा, मैं और मुनीष मखीजा बात नहीं करते हैं. शादी के शुरू के दिन हम काफी अच्छे थे. पहले मुझे लगा हम अच्छे दोस्त हैं, लेकिन वो दोस्ती नहीं थी. क्या वह शादीशुदा हैं तो इस पर पूजा ने कहा, मुझे नहीं पता और ना मुझे जानना है. मैं मूव ऑन कर चुकी हूं. मेरी जब उनसे शादी खत्म हो गई तब भी हम दोस्त थे. लेकिन यह भी चला नहीं क्योंकि जहां रिस्पेक्ट नहीं वहां रिलेशन नहीं होना चाहिए.

परिवार और दोस्तों की प्रतिक्रिया

शादी टूटने के फैसले पर परिवार और दोस्तों की प्रतिक्रिया के बारे में बात करते हुए पूजा भट्ट ने बताया कि उनके परिवार ने उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की, लेकिन दोस्तों ने जरूर सवाल उठाए थे. उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी किसी और के बारे में नहीं सोचा और बस अकेले रहना चाहती थीं.

अलगाव के बाद का मुश्किल दौर और शराब से दूरी

पूजा भट्ट ने अपने जीवन के उस कठिन समय को भी साझा किया जब लंबे रिश्ते के टूटने के बाद वह भावनात्मक रूप से टूट गई थीं. उन्होंने बताया कि उस दौर में वह शराब की ओर बढ़ गई थीं, लेकिन पिता के एक संदेश ने उनकी जिंदगी बदल दी. पूजा ने कहा, 11 साल का लंबा रिश्ता जब टूटता है तो मौत की तरह लगता है. मैं बोलती थी कि मैं ठीक हूं. इसके बाद में शराब ज्यादा पीने लग गई. 

लेकिन शराब जो है आपको और भड़काता है. लेकिन फिर मेरे पापा ने मुझे एक मैसेज भेजा था आई लव यू बच्चे, मैंने कहा आई लव यू पापा. फिर उन्होंने एक मैसेज किया कि अगर तुम मुझसे प्यार करती हो तो अपने आपसे प्यार करना सीखो क्योंकि मैं तुमसे प्यार करता हूं. उस मैसेज ने पूरी जिंदगी बदल दी और आज तक मैंने शराब नहीं पी 10 साल से. अब मुझे खुद से सच्चा प्यार है. First Updated : Thursday, 28 May 2026