आज विजय देवरकोंडा की दुल्हनिया बनेंगी रश्मिका मंदाना, हिंदू और तेलुगु परंपराओं से होगी शादी
रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा आखिरकार शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. लंबे समय से उनके रिश्ते और शादी को लेकर चर्चाएं चल रही थीं.

साउथ फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित सितारे रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा आखिरकार शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. लंबे समय से उनके रिश्ते और शादी को लेकर चर्चाएं चल रही थीं और अब दोनों ने अपने रिश्ते को नया नाम देने का फैसला कर लिया है. शादी से पहले के कार्यक्रम शुरू हो चुके हैं और परिवार व करीबी दोस्तों की मौजूदगी में रस्में पूरी की जा रही हैं.
पीएम मोदी को भेजा निमंत्रण
इस खास मौके पर कपल ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी शादी का निमंत्रण भेजा था. प्रधानमंत्री ने दोनों को पत्र लिखकर शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया है. इस शादी को खास नाम 'द वेडिंग ऑफ विरोश' दिया गया है, जो दोनों के नामों को मिलाकर बनाया गया है.
रिसॉर्ट के आस-पास कड़ी सुरक्षा
शादी समारोह में फिल्म इंडस्ट्री से कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है. निर्देशक और करीबी दोस्त पहले ही समारोह में पहुंच चुके हैं. शादी के लिए चुने गए रिसॉर्ट और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. खासकर उदयपुर में आयोजित इस समारोह को लेकर एयरपोर्ट और आयोजन स्थल पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके.
शुभ मुहूर्त में संपन्न होगी शादी
शादी हिंदू और तेलुगु परंपराओं के अनुसार सुबह शुभ मुहूर्त में संपन्न होगी. इसके बाद रश्मिका की पारंपरिक ‘कोडावा’ रीति के अनुसार भी रस्में निभाई जाएंगी, जिससे दोनों परिवारों की सांस्कृतिक परंपराओं का सम्मान हो सके. इस तरह यह शादी दो अलग-अलग परंपराओं के मेल का प्रतीक बनेगी.
विशेष भोजन की व्यवस्था
मेहमानों के लिए विशेष भोजन की भी व्यवस्था की गई है. मेन्यू में तेलंगाना की प्रसिद्ध बिरयानी, कर्नाटक के पारंपरिक व्यंजन और कूर्ग की खास डिश शामिल की गई हैं. शादी के बाद 4 मार्च को हैदराबाद के ताज कृष्णा होटल में भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें फिल्म जगत और अन्य क्षेत्रों की कई बड़ी हस्तियां शामिल हो सकती हैं.
फिलहाल, इस हाई-प्रोफाइल शादी को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है और सभी इस खास पल की झलक देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.


