नई दिल्ली : दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना आखिरकार हमेशा के लिए एक-दूसरे के हो गए हैं. 26 फरवरी को राजस्थान के उदयपुर में इस जोड़ी ने शाही अंदाज में पारंपरिक तरीके से अपनी शादी की रस्में पूरी कीं. रील लाइफ से रियल लाइफ पार्टनर बने इन कलाकारों की शादी की चर्चा अब देश के सर्वोच्च राजनीतिक गलियारों तक पहुँच गई है. शादी के बाद इनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह से मुलाकात की तस्वीरें इंटरनेट पर खूब तहलका मचा रही हैं.
आपको बता दें कि उदयपुर के शाही वैभव के बीच विजय और रश्मिका ने अपनी नई पारी की शुरुआत की. 26 फरवरी को आयोजित इस भव्य विवाह समारोह में सांस्कृतिक संगम देखने को मिला. कपल ने परंपराओं का मान रखते हुए दो अलग-अलग विधियों से विवाह किया. सुबह के उजाले में उन्होंने पवित्र तेलुगु रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए. जबकि संध्या काल में रश्मिका के परिवार की कोडवा रस्मों का पालन किया गया. इस निजी उत्सव में केवल परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त शामिल हुए.
शादी की रस्में के सार्वजनिक होने के बाद. अब इस जोड़ी की दिल्ली यात्रा की अनदेखी तस्वीरें चर्चा में हैं. विजय और रश्मिका ने अपनी शादी से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी. इस दौरान उन्होंने पीएम को हैदराबाद में होने वाले अपने वेडिंग रिसेप्शन का औपचारिक न्योता दिया. आदर स्वरूप उन्होंने प्रधानमंत्री को एक खास शॉल भी भेंट की. पीएम मोदी ने दोनों को भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं और आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद जीवन की कामना की.
प्रधानमंत्री मोदी के अलावा. इस जोड़ी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की थी. इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य उन्हें अपने विवाह के जश्न में आमंत्रित करना था. उन्होंने अमित शाह को रिसेप्शन का निमंत्रण कार्ड और एक विशेष बक्से में रखी भगवान गणेश की चांदी की सुंदर मूर्ति भेंट की. इस मुलाकात में रश्मिका पीले रंग के सूट में चमक रही थीं. जबकि विजय ने हाथीदांत रंग का इंडो-वेस्टर्न लिबास पहना था. ये तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर छाई हैं.
उदयपुर में विवाह संपन्न होने के बाद. अब सबकी नजरें हैदराबाद के ताज कृष्णा होटल पर टिकी हैं. यहाँ 4 मार्च 2026 को एक भव्य वेडिंग रिसेप्शन का आयोजन किया जा रहा है. इस भव्य समारोह में दक्षिण और उत्तर भारत की फिल्मी दुनिया के कई दिग्गज कलाकारों के शामिल होने की पूरी संभावना है. इसके साथ ही राजनीतिक जगत की हस्तियों को भी इस जश्न का हिस्सा बनते देखा जा सकता है. रिसेप्शन की विशेष तैयारियां अभी से ही जोरों पर चल रही हैं.
शादी के अगले दिन दोपहर को नवविवाहित जोड़ा उदयपुर एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया. यहाँ विजय और रश्मिका एक-दूसरे का हाथ थामे हुए बेहद खुश नजर आए. अपने पसंदीदा सितारों को करीब से देखकर फैंस में भारी उत्साह देखने को मिला. भीड़ को देखते हुए कपल ने हाथ हिलाकर सबका शुक्रिया अदा किया और फ्लाइंग किस के जरिए अपने प्रशंसकों के प्रति आभार व्यक्त किया. शादी के बाद की उनकी यह पहली सार्वजनिक उपस्थिति इंटरनेट पर प्रशंसकों के बीच काफी पसंद की जा रही है. First Updated : Friday, 27 February 2026