नई दिल्ली: सलमान खान की ओर से अपकमिंग फिल्म 'काला हिरण' को लेकर लीगल नोटिस भेजा गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सलमान की लीगल टीम ने फिल्म से जुड़े लोगों को चेतावनी दी है. दरअसल सलमान खान की तरफ से लॉ फर्म DSK लीगल ने कास्टिंग डायरेक्टर अक्षय पांडे को 24 अप्रैल 2026 को नोटिस भेजा. इसमें फिल्म के प्रोडक्शन और प्रमोशन को तुरंत रोकने की मांग की गई है.
सलमान की टीम का कहना है कि यह फिल्म उनके 1998 के काला हिरण शिकार मामले से प्रेरित है. फिल्म से उनकी छवि खराब हो सकती है, कोर्ट में चल रही कानूनी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है और उनके व्यक्तिगत अधिकारों का उल्लंघन हो रहा है. सलमान ने अपने नाम, पहचान या उससे जुड़ी किसी घटना के इस्तेमाल की अनुमति नहीं दी है. इसलिए फिल्म पर रोक लगाने की बात कही गई है.
फिल्म 'काला हिरण' का पोस्टर हाल ही में जारी किया गया था. इसका पहला लुक और टीजर 20 जून को रिलीज होने वाला था. पोस्टर में दिखाए गए एक्टर आमतौर पर जाने-पहचाने नहीं हैं. फिल्म में सलमान खान और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के बीच के विवाद को दिखाने का दावा किया गया है.
प्रोड्यूसर अमित जानी ने पहले IANS को बताया था कि फिल्म 1998 के जोधपुर कांकाणी गांव वाले काला हिरण शिकार मामले, कोर्टरूम ड्रामा, क्राइम और थ्रिलर पर आधारित है. शूटिंग संभल, मुरादाबाद और उत्तर प्रदेश के अन्य इलाकों में हुई थी.
सलमान खान पर 1998 में जोधपुर में फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' की शूटिंग के दौरान काला हिरण शिकार का आरोप लगा था. बिश्नोई समुदाय की शिकायत पर उनके साथ सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे और नीलम के खिलाफ भी केस दर्ज हुए थे.
सलमान को इस मामले में 5 अप्रैल 2018 को 5 साल की सजा और 10 हजार रुपये जुर्माना हुआ था. हालांकि उन्हें बाद में जमानत मिल गई. अन्य कलाकारों को बरी कर दिया गया. यह मामला अभी राजस्थान हाई कोर्ट में लंबित है. मई 2026 में सुनवाई हुई थी और अगली तारीख 13 जुलाई 2026 तय की गई है. सलमान फिलहाल जमानत पर बाहर हैं. First Updated : Tuesday, 02 June 2026