मुंबई: बॉलीवुड के हीमैन के जाने का गम केवल उनके परिवार और दोस्तों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि पूरे सिनेमा जगत और लाखों फैन्स के दिलों में एक खालीपन छोड़ गया है. धर्मेंद्र की फिल्मों और उनके व्यक्तित्व ने हमेशा लोगों के दिलों में एक खास जगह बनाई है.
धर्मेंद्र का निधन केवल एक अभिनेता के जाने का नहीं बल्कि उनके परिवार, दोस्त और फैन्स काफी दुखी हैं. बॉलीवुड के दिग्गज अमिताभ बच्चन ने भी धर्मेंद्र के लिए सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी.
फिल्म शोले में अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र ने जय-वीरू की जोड़ी से दर्शकों का दिल जीत लिया था. धर्मेंद्र के निधन के बाद इस जोड़ी का जादू अब बस यादों में बसा रहेगा. अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर लिखा
'एक और बहादुर महापुरुष हमें छोड़ गया. मंच खाली कर गया, पीछे छोड़ गया एक ऐसा सन्नाटा जिसमें दर्द की आवाज है.'
बिग बी ने धर्मेंद्र की महानता का जिक्र करते हुए लिखा कि धरम जी महानता के प्रतीक थे. वो ना केवल अपने शानदार व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे, बल्कि अपने बड़े दिल और सादगी के लिए भी. धर्मेंद्र अपने साथ पंजाब के गांव की मिट्टी की सोंधी खुशबू लाए और जीवनभर उसी सादगी में रहे.
अमिताभ ने आगे कहा कि एक ऐसे फिल्मी माहौल में जो हर दशक बदलता रहा, लेकिन वो नहीं बदले. उनकी मुस्कान, आकर्षण और अपनापन हर किसी को अपनी ओर खींचता था. ऐसा स्वभाव इस पेशे में बहुत दुर्लभ है. हमारे आस-पास की हवा अब खाली है, एक ऐसा खालीपन जो हमेशा रहेगा.
अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र ने पहली बार 1974 में फिल्म दोस्त में साथ काम किया. इसके बाद दोनों ने चुपके चुपके और शोले जैसी सुपरहिट फिल्मों में दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया. इसके अलावा, नसीब, राम बलराम और हम कौन हैं जैसी फिल्मों में भी दोनों की जोड़ी ने कमाल किया.
उनकी दोस्ती और ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री बॉलीवुड इतिहास में यादगार बनी रही. शोले के जय-वीरू के किरदार आज भी फैन्स के दिलों में जिंदा हैं.
धर्मेंद्र पिछले कुछ हफ्तों से बीमार चल रहे थे और इस महीने की शुरुआत में अस्पताल में भर्ती थे. हालांकि कुछ दिन पहले उन्हें घर पर ही शिफ्ट कर दिया गया था, फैन्स को उम्मीद थी कि वे जल्दी स्वस्थ होकर सामने आएंगे. लेकिन दुर्भाग्यवश ऐसा नहीं हो सका.
भले ही धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके बेहतरीन किरदार और फिल्मों में उनका योगदान हमेशा जिंदा रहेगा. सिनेमा प्रेमियों के लिए धर्मेंद्र केवल एक अभिनेता नहीं, बल्कि एक प्रेरणा बन कर जिंदा रहेगे. First Updated : Tuesday, 25 November 2025