सोनू निगम ने धोए आशा भोसले के पैर, मंच पर RSS प्रमुख मोहन भागवत देखते रह गए; देखें तस्वीरें

आज आशा भोसले के निधन से पूरा संगीत जगत से लेकर राजनीतिक गलियारों में भी शोक लहर फैल गई है. सोनू निगम ने कुछ तस्वीरें पोस्ट की है और श्रंद्धाजलि दी है. इस दौरान तस्वीर में RSS प्रमुख मोहन भागवत भी दिखाई दिए.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: आशा भोसले के निधन से पूरे संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है. उनके साथ काम कर चुके मशहूर सिंगर सोनू निगम भी बेहद दुखी हैं. उन्होंने इंस्टाग्राम पर आशा जी को श्रद्धांजलि देते हुए कुछ खास और यादगार तस्वीरें शेयर की है.  

इन तस्वीरों में एक नजारा खास तौर पर लोगों का ध्यान खींच रहा है. सोनू निगम आशा भोसले के पैरों को पानी से धोते नजर आ रहे हैं. दूसरी तस्वीर में वे स्टेज पर आशा जी के पैर छू रहे हैं. इन तस्वीरों में RSS प्रमुख मोहन भागवत भी मौजूद दिख रहे हैं, जो पूरे कार्यक्रम को देख रहे थे.

सोनू ने क्या लिखा?

सोनू निगम ने पोस्ट में लिखा, “आज भारतीय फिल्म संगीत के सबसे महान गायकों में से एक का पर्दा गिर गया. पायनियरिंग दौर की आखिरी बची हुई योद्धा ने आज संन्यास ले लिया. उन्होंने जीवन भर बहुत उतार-चढ़ाव और मुश्किलों का सामना किया और उसी से वे इतनी महान बनीं.”

सोनू ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा, “1994 में जब मैंने आशा जी से पहली बार मुलाकात की और उनके साथ गाया था, तब से लेकर दिसंबर 2024 में हमारे आखिरी कॉन्सर्ट तक और पिछले साल गाए गए आखिरी दो डुएट्स तक…ये पूरा सफर मैं हमेशा गर्व और खुशी से याद रखूंगा.” 

उन्होंने आशा भोसले को संबोधित करते हुए लिखा, “चले तो गए हो पर दिल अभी भरा नहीं…आपसे दूसरी तरफ मुलाकात होगी. ओम शांति.”

आशा भोसले का निधन

आशा भोसले का निधन 12 अप्रैल 2026 को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुआ. उन्हें 11 अप्रैल की रात कार्डियक अरेस्ट के बाद अस्पताल ले जाया गया था. उनके पार्थिव शरीर को घर लाया जा रहा है, जहां लोग अंतिम दर्शन कर सकेंगे. आशा भोसले का अंतिम संस्कार कल यानी 13 अप्रैल को शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा.

यादों का सफर

सोनू निगम ने आशा भोसले को जीवन भर रियाज करने वाले जज्बे के लिए भी याद किया. उन्होंने कहा कि आशा जी ने कई दशकों तक अपनी गायकी और खुशमिजाजी से करोड़ों लोगों के दिलों को छुआ. उनकी मौत से संगीत जगत में एक बड़ा खालीपन आ गया है.

सोनू निगम द्वारा शेयर की गई तस्वीरें और उनके शब्द आशा भोसले के प्रति गहरे सम्मान और प्यार को दिखाते हैं. मंच पर आशा जी के पैर धोते सोनू निगम का यह नजारा कई लोगों के लिए भावुक करने वाला है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो