कांग्रेस ने 'भारत जोड़ो यात्रा' को लेकर तेज़ की तैयारियां

कांग्रेस पार्टी ने 7 सितंबर से शुरू हो रहे कन्याकुमारी से कश्मीर तक प्रस्तावित 'भारत जोड़ो यात्रा' को लेकर तैयारियां तेज़ कर दी है।

Janbhawana Times
Janbhawana Times

नई दिल्ली: कांग्रेस पार्टी ने 7 सितंबर से शुरू हो रहे कन्याकुमारी से कश्मीर तक प्रस्तावित 'भारत जोड़ो यात्रा' को लेकर तैयारियां तेज़ कर दी है। कांग्रेस इस यात्रा को 2024 लोकसभा चुनाव के लिए देशव्यापी एक जनसंपर्क अभियान के तौर पर देख रही है। इस दौरान कांग्रेस उन राज्यों पर ज़्यादा फोकस करेगी जहां इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। यह यात्रा 12 राज्यों और 02 केंद्र शासित प्रदेशों से होते हुए कश्मीर पहुंचेगी।

इसको लेकर राहुल गांधी 22 अगस्त को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में देश भर के सिविल सोसायटी जिसमें एनजीओ, लेखक आदि लोगों और संगठनों के साथ संवाद करने वाले हैं। राहुल इस संवाद में यात्रा के बारे में भी चर्चा करके लोगों से राय लेंगे। इसके अगले दिन कांग्रेस इस भारत जोड़ो यात्रा का लोगो, वेबसाइट और नारा भी जारी करेगी। भारत जोड़ो यात्रा के संयोजक दिग्विजय सिंह इस दिशा में समाजसेवी मेधा पाटकर, योगेंद्र यादव सरीखे समाज के लिए काम करने वाले लोगों से संपर्क में हैं। जल्द ही सिविल सोसायटी के आमंत्रित लोगों की सूची फाइनल कर ली जाएगी।

गौरतलब है कि, 2014 से पहले यूपीए सरकार के खिलाफ अन्ना हज़ारे, रामदेव, इंडिया अगेंस्ट करप्शन सरीखे तमाम समाजसेवियों व समाज के प्रबुद्ध वर्गों ने बड़ा आंदोलन खड़ा कर यूपीए सरकार को उखाड़ फेंका था। कांग्रेस इस यात्रा के ज़रिए मोदी सरकार के कामकाज के आधार पर आम जनमानस में महंगाई, संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग, बेरोजगारी, किसानों की हालात, जर्जर अर्थव्यवस्था जैसे मुद्दों पर देशभर में अपील पैदा करना चाहती है। ज्ञात हो कि इस यात्रा की घोषणा सोनिया गांधी ने पिछले महीनें उदयपुर में हुये कांग्रेस चिंतन शिविर में की थी।

calender
17 August 2022, 07:02 PM IST

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो