गहरे हैं गुजरात और महाराष्ट्र के संबंध

गहरे हैं गुजरात और महाराष्ट्र के संबंध

Janbhawana Times
Janbhawana Times

महाराष्ट्र और गुजरात में आजकल निजी क्षेत्र के निवेश को आकर्षित करने को लेकर स्वस्थ स्पर्धा चल रही है। यह अपने आप में सुखद है। ये दोनों राज्य 1 मई, 1960 को अलग-अलग प्रदेश के रूप में देश के मानचित्र में आने से पहले “बॉम्बे स्टेट” के ही अंग थे। यानी वे एक ही प्रदेश का हिस्सा थे। यह सब जानते हैं। ये भाषायी आधार पर अलग-अलग होने के बावजूद एक दूसरे के बेहद निकट हैं। हाल के दिनों में ही “टाटा एयरबस परियोजना” गुजरात के पाले में गई। यह परियोजना पहले महाराष्ट्र के लिए तय थी, जिसे बाद में गुजरात में स्थापित करने का फैसला किया गया। परियोजना की जगह में बदलाव को लेकर मचे विवाद के बीच महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने सफाई दी।

शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र के औद्योगिक क्षेत्र के लिए बड़े निवेश की तैयारी है। टाटा एयरबस प्लांट के 1.5 लाख करोड़ रुपये की वेदांत-फॉक्सकॉन परियोजना के गुजरात के पाले में जाने के करीब डेढ़ महीने बाद यह मुद्दा उछला है। वडोदरा में एयरबस सी-295 परिवहन विमान के उत्पादन के लिए एक विनिर्माण संयंत्र स्थापित किया जाना है। फ्रांस की कंपनी एयरबस और टाटा समूह की साझेदारी से इन विमानों का निर्माण किया जाएगा। कोई बात तो है कि बडे निवेश इन राज्यों को मिलते हैं। आखिर इन्होंने निवेशकों के अनुकूल अपनी नीतियां जो बनाई हैं। यूं कोई निवेशक कहीं पैसा नहीं लगाता। यह याद रखा जाना चाहिए। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा- विपक्ष हमें इस बात को लेकर निशाना बना रहा है कि बड़े निवेश महाराष्ट्र से गुजरात में जा रहे हैं। मैं इस मुद्दे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दूंगा। हमारे उद्योग मंत्री उदय सामंत पहले ही इस पर सरकार का रुख स्पष्ट कर चुके हैं। महाराष्ट्र का भविष्य औद्योगिक निवेश को लेकर काफी बड़ा है।” दरअसल महाराष्ट्र और गुजरात देश के शेष राज्यों के लिए उदाहरण तो अवश्य ही पेश करते हैं, जिनमें आपस में किच-किच चलती रहती है। यह समझना होगा कि भारत की आर्थिक प्रगति का रास्ता इन दोनों ही राज्यों से ही होकर गुजरता है। महाराष्ट्र और गुजरात में परस्पर मैत्री और सहयोग का वातावरण सदैव बना रहा। गुजराती और मराठी समाज में तालमेल के मूल में बड़ी वजह यह रही कि ये दोनों में अहंकार या ईगो का भाव नहीं है। दोनों ने एक-दूसरे के पर्वों को आत्मसात कर लिया। गुजराती गणेशोत्सव को उसी उत्साह से मनाते हैं, जैसे मराठी नवरात्रि को आनंद और उत्साह के साथ मनाते हैं। इसलिए दो राज्यों के बनने के बाद भी इन दोनों समाजों और राज्यों में कभी दूरियां पैदा नहीं हुईं। मुंबई के गुजराती भाषियों ने इस महानगर को अपनी कुशल आंत्रप्योनर क्षमताओं से समृद्ध किया। वे 1960 से पहले की तरह से मुंबई में अपने कारोबार को आगे बढ़ाते रहे। मुंबई के अनाज, कपड़ा, पेपर और मेटल बाजार में गुजराती छाए हुए हैं। हीरे के 90 फीसद कारोबारी गुजराती भाई ही हैं और मुंबई स्टॉक एक्सचेंज की आप गुजरातियों के बगैर कल्पना भी नहीं कर सकते। मुंबई में मराठियों और गुजरातियों को आप अलग करके नहीं देख सकते। दोनों मुंबई की प्राण और आत्मा हैं। मुंबई यानी देश की वित्तीय राजधानी मुंबई में गुजराती मूल के लोगों के दर्जनों कालेज, स्कूल, सांस्कृतिक संस्थाएं वगैरह सक्रिय हैं। मुंबई के गुजराती भावनात्मक रूप से ही गुजराती रह गए हैं। वैसे वे मुंबई के जीवन में रच-बस गए गए हैं। और मुंबई में अब भी उन लोगों को याद है जब एक धीरूभाई अंबानी नाम का नौजवान अंधेरी के एक चाल में रहता था। क्या किसी को बताने की जरूरत है कि धीरूभाई अंबानी कौन थे? ये बातें होंगी पिछली सदी के पांचवें दशक की। तब धीरूभाई बिजनेस की दुनिया में अपनी दस्तक दे रहे थे।

मुंबई में लगभग 30 लाख गुजराती रहते हैं। इसी मुंबई में धीरूभाई के बाद गौतम अडानी, अजीम प्रेमजी, रतन टाटा, आदी गोदरेज, समीर सोमाया जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कारोबारी दुनिया में जगह बनाने वाले अनेक गुजराती आए और आगे बढ़े। गुजराती और मराठी शुरू से आपसी सामंजस्य और भाईचारे के भाव से इसलिए भी रहते रहे, क्योंकि दोनों एक-दूसरे के पर्याय बन कर रहे। जहां गुजराती कारोबारी बनने को बेताब रहा, वहीं मराठी एक अच्छी सी पगार वाली नौकरी करने तक अपने को सीमित रखता था। दोनों ने एक-दूसरे के स्पेस को लांघा नहीं। मराठी समाज की रुचियों में शामिल रहे कला, संस्कृति, संगीत वगैरह। गुजराती समाज सच्चा और अच्छा कारोबारी है। दोनों में टोलरेंस का भाव भी रहा। अगर गुजरात की बात करें तो इसकी उत्तरी-पश्चिमी सीमा पाकिस्तान से लगी है। गुजरात का क्षेत्रफल 1,96,024 वर्ग किलोमीटर है।

calender
01 November 2022, 08:49 PM IST

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो