11 मई को शादी के सिर्फ सात दिन बाद सोनम रघुवंशी ने अपने प्रेमी राज कुशवाह के साथ मिलकर अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या की योजना बनाई. यह जानकारी तब सामने आई जब तीन कथित सुपारी किलर गिरफ्तार किए गए और सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में आत्मसमर्पण कर दिया. इंदौर के एडीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, सोनम और राज ने साथ रहने की ख्वाहिश में राजा को रास्ते से हटाने का निर्णय लिया.
राज कुशवाह ने विशाल चौहान उर्फ विक्की, आनंद कुर्मी और आकाश ठाकुर को राजा की हत्या के लिए सुपारी दी. इनका मकसद था कि राजा को एक सुनसान जगह पर मारा जाए और शव को ऐसे ठिकाने लगाया जाए कि उसका कोई पता न चले.
सोनम ने अपने पति को मेघालय में हनीमून पर चलने को राजी किया और 19 मई को वे रवाना हो गए. 23 मई को पूर्वी खासी हिल्स के सोहरा इलाके में राजा लापता हो गया और 2 जून को उसका शव एक गहरी खाई से बरामद हुआ. पुलिस को हत्या में इस्तेमाल हुआ चाकू मिला, जो स्थानीय नहीं था, जिससे उन्हें शक हुआ कि बाहरी लोग शामिल हैं.
मेघालय पुलिस ने जांच में पाया कि सोनम ने हत्या से पहले हत्यारों से फोन पर बातचीत की थी और उसकी आखिरी लोकेशन भी उन्हीं के आसपास मिली. इससे पूरा मामला हत्या की साजिश की ओर इशारा करता है.
राज, सोनम के भाई की फैक्ट्री में सहायक के तौर पर काम करता था, जहां दोनों की दोस्ती गहरी हो गई. एक समय के बाद राज सोनम के घर के पास रहने लगा, लेकिन जब परिवार को इस रिश्ते की भनक लगी तो उन्होंने इसका विरोध किया और सोनम की शादी किसी और से कराने का निर्णय लिया. अक्टूबर 2024 में सोनम की सगाई राजा रघुवंशी से हुई और जल्द ही शादी कर दी गई.
राजा की मां उमा रघुवंशी ने बताया कि सगाई के बाद सोनम राजा से दूरी बनाए रखती थी और शादी के बाद हनीमून पर जाने का प्रस्ताव भी उसी ने दिया था. सोनम ने हनीमून के खर्च के लिए राजा से ₹9 लाख लिए और सभी गहने भी साथ ले गई. राजा 23 मई से संपर्क में नहीं था और 24 मई को सोनम की आखिरी बार बात हुई थी.
राजा के भाई विपिन ने कहा कि सोनम और उसका भाई अक्सर राजा से बात करते थे, लेकिन अब लगता है कि वही बातचीत साजिश का हिस्सा थी. सोनम के पिता देवी सिंह ने पुलिस जांच पर भरोसा न जताते हुए CBI जांच की मांग की और कहा कि अगर उनकी बेटी दोषी पाई जाती है, तो उसे फांसी दी जाए. First Updated : Monday, 09 June 2025