'दुनिया के नक्शे से मिटा देंगे पाकिस्तान', बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर की दहाड़

पहलगाम आतंकी हमले के बाद बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने पाकिस्तान को चेताया कि अगर वो भारत विरोधी गतिविधियों को नहीं रोकेगा, तो उसे दुनिया के नक्शे से मिटा दिया जाएगा.

Simran Sachdeva

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से ही भारत और पाकिस्तान दोनों ही देशों के बीच तनाव चरम पर हैं. ऐसे में अब बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी है. पहलगाम हमले के विरोध में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगर पाकिस्तान अपनी भारत विरोधी गतिविधियों से बाज नहीं आया, तो उसे दुनिया के नक्शे से पूरी तरह मिटा दिया जाएगा.

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार आतंकवाद और उसके पोषकों के खिलाफ किसी भी स्तर पर सख्त कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कांग्रेस पर भी हमला बोला और कहा कि राज्य सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं ले रही.

पाकिस्तान को दी खुली चेतावनी

गांधी चौक पर आयोजित रैली में अनुराग ठाकुर ने कहा कि अगर पाकिस्तान भारत विरोधी हरकतें करता रहेगा, तो वो विश्व की राज्य व्यवस्था से पूरी तरह मिट जाएगा. उन्होंने ये भी कहा कि केंद्र सरकार उचित समय पर इसका जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है.

पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर उन्हें भेजने की मांग

शिमला में बीजेपी नेताओं ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि राज्य में रह रहे सभी पाकिस्तानी नागरिकों की कानूनी या अवैध स्थिति की जांच कर उन्हें वापस भेजा जाए. इस दौरान लोअर बाजार में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान विरोधी नारे लगाते हुए मार्च भी निकाला.

बीजेपी का राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन

हिमाचल बीजेपी अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि राज्य में पाकिस्तानियों को नहीं रहने दिया जा सकता. उन्होंने बताया कि प्रदेश के 17 कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किए गए हैं. अगर राज्य सरकार कार्रवाई नहीं करती, तो बीजेपी जल्द ही एक व्यापक 'जागरण अभियान' शुरू करेगी.

कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना

अनुराग ठाकुर ने हिमाचल की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां केंद्र सरकार पाकिस्तानी नागरिकों की वापसी के लिए गंभीर प्रयास कर रही है. वहीं राज्य सरकार इस मुद्दे पर उदासीन रवैया अपना रही है.  कांग्रेस के कुछ नेता अनावश्यक बयानबाजी कर रहे हैं, जो राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दे पर दुर्भाग्यपूर्ण है.

कुल्लू, ऊना और लाहौल-स्पीति में भी विरोध

पार्टी की ओर से राज्य के कई हिस्सों, जैसे कुल्लू, ऊना, लाहौल-स्पीति सहित कई स्थानों पर पाकिस्तान विरोधी प्रदर्शन किए गए. इन प्रदर्शनों का उद्देश्य राज्य सरकार पर दबाव बनाना और केंद्र की नीति को जनसमर्थन देना था.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो