मेक्सिको में विनाशकारी झटके, 7.4 तीव्रता के भूकंप के बाद सुनामी का अलर्ट जारी

शुक्रवार को मेक्सिको के दक्षिणी प्रशांत तट पर ज़ोरदार भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.4 मापी गई। झटके इतने लंबे थे कि लोग घबराकर इमारतों से बाहर निकल आए।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: शुक्रवार को मेक्सिको के दक्षिणी प्रशांत तट पर ज़ोरदार भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.4 मापी गई। झटके इतने लंबे थे कि लोग घबराकर इमारतों से बाहर निकल आए। भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी भी जारी की गई और ग्वाटेमाला व अल साल्वाडोर तक झटके महसूस किए गए।  

चियापास तट के पास था भूकंप का केंद्र   

US जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक भूकंप का केंद्र चियापास तट के पास प्यूर्टो माडेरो के नजदीक था। शुरुआत में गहराई 10 किलोमीटर बताई गई थी, बाद में इसे एक्विलेस सेरदान के पास करीब 15 किलोमीटर माना गया।  

भूकंप के तुरंत बाद 5.2, 5.8 और 6.1 तीव्रता के कई आफ्टरशॉक्स भी आए। US सुनामी चेतावनी प्रणाली ने केंद्र से 300 किलोमीटर के दायरे में अलर्ट जारी किया। चेतावनी में कहा गया कि मेक्सिको और ग्वाटेमाला के तटों पर सामान्य ज्वार से एक मीटर तक ऊंची लहरें आ सकती हैं।  

मध्य अमेरिका में दहशत   

भूकंप के झटके सिर्फ मेक्सिको तक सीमित नहीं रहे। ग्वाटेमाला सिटी में इमारतें हिलने लगीं और रश आवर में लोग दफ्तर छोड़कर सड़कों पर आ गए। अल साल्वाडोर में भी झटके महसूस किए गए। दक्षिणी मेक्सिको के तापचुला में झटके धीरे-धीरे तेज हुए।

एक सरकारी अस्पताल में दूसरी मंजिल पर मौजूद लोगों ने पहले तो इंतजार किया, फिर हालात बिगड़ते देख व्यवस्थित तरीके से इमारत खाली की। प्रशासनिक कर्मचारी एलेजांद्रा मेंडोज़ा ने बताया कि "पहले लगा गुजर जाएगा, पर जब तेज हुआ तो हम सब नीचे आंगन में चले गए।" सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में इमारतों का हिलना, अलमारियों से सामान गिरना और लोगों को बाहर निकलते देखा जा सकता है।  

जान-माल के नुकसान की खबर नहीं   

मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने कहा कि चियापास और टबास्को से अभी किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।  ग्वाटेमाला के राष्ट्रपति बर्नार्डो अरेवालो ने भी पुष्टि की कि अब तक किसी की मौत की सूचना नहीं है।

उन्होंने लोगों से शांत रहने और सुरक्षा निर्देश मानने की अपील की। मेक्सिको की नौसेना ने तटीय इलाकों में लोगों को कुछ घंटों तक समुद्र तट से दूर रहने की सलाह दी है। सुचियाते जैसे सीमावर्ती शहरों में सुनामी के असर पर निगरानी रखी जा रही है।  

मेक्सिको सिटी में अलर्ट नहीं  

भूकंप तेज होने के बावजूद मेक्सिको सिटी में अलर्ट नहीं बजाया गया। सरकार का कहना है कि शुरुआती सेकंड में निकली ऊर्जा उस सीमा तक नहीं थी जो अलर्ट के लिए जरूरी होती है। फिलहाल अधिकारी आफ्टरशॉक्स और संभावित नुकसान का आकलन कर रहे हैं। घनी आबादी वाले इस इलाके में इस तरह का बड़ा भूकंप चिंता बढ़ाता है, भले ही शुरुआती रिपोर्ट में तबाही न दिखे।  

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो