27 साल बाद दिल्ली में बीजेपी की सरकार, रेखा गुप्ता ने ली सीएम पद की शपथ, पीएम मोदी भी रहे मौजूद
शालीमार से बीजेपी विधायक रेखा गुप्ता ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. उन्हें एलजी वीके सक्सेना ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई है. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह,रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहे. बता दें कि राजधानी दिल्ली में बीजेपी ने 27 साल बाद सरकार बनाई है.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ-साथ 6 अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली, इनमें नई दिल्ली से विधायक प्रवेश वर्मा को दूसरे नंबर पर शपथ दिलाई गई. उनके साथ में मनजिंदर सिंह सिरसा, आशीष सूद, पंकज कुमार सिंह, रविंद्र इंद्रराज सिंह ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली.
एनडीए के नेता हुए शामिल
दिल्ली में होने वाले शपथग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत उनकी कैबिनेट के मंत्री, बीजेपी शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के साथ-साथ एनडीए शासित राज्यों के भी नेता शामिल हुए. इसके साथ ही आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, डिप्टी सीएम पवन कल्याण, महाराष्ट्र के दोनों डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और अजित पवार, आरएलडी के जयंत चौधरी, जेडीयू से ललन सिंह समेत कई नेताओं ने शिरकत की.
रेखा गुप्ता चुनी गईं विधायक दल की नेता
बता दें कि कल यानी बुधवार 19 फरवरी को दिल्ली प्रदेश ऑफिस में बीजेपी विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री का चेहरा चुना गया था.इस दौरान केंद्रीय पर्यवेक्षक रविशंकर प्रसाद और ओमप्रकाश धनखड़ भी शामिल थे.
बीजेपी ने आप को किया सत्ता से बाहर
गौरतलब है कि दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा के चुनाव हुए थे और 8 फरवरी को चुनावों के नतीजे सामने आए थे, इन नतीजों ने बीजेपी को खुश कर दिया. राजधानी में 27 साल बाद कमल खिला. बीजेपी ने 70 में से 48 सीटों पर रिकॉर्ड जीत दर्ज की, जबकि राजधानी में 10 साल तक शासन करने वाली AAP सिर्फ 22 सीटों पर सिमट गई. वहीं कांग्रेस के खाते में एक बार फिर जीरो सीट आई है.