पश्चिम एशिया संकट को लेकर पीएम मोदी के बाद केंद्रीय मंत्री ने भी जनता से की ये खास अपील

पश्चिम एशिया में लगातार गहराते संकट का असर अब भारत समेत दुनिया के कई देशों पर साफ दिखाई देने लगा है. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोगों से घरों और कारोबार में बिजली और तेल की खपत कम करने का आग्रह किया.

JBT Desk
Edited By: JBT Desk

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में लगातार गहराते संकट का असर अब भारत समेत दुनिया के कई देशों पर साफ दिखाई देने लगा है. बढ़ती आर्थिक अनिश्चितता और ऊर्जा संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से संयम बरतने और संसाधनों की बचत करने की अपील की है. वहीं अब प्रधानमंत्री की इस अपील को लेकर केंद्र सरकार के मंत्री भी लोगों से सहयोग की मांग कर रहे हैं.

अश्विनी वैष्णव ने क्या कहा 

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि पश्चिम एशिया की स्थिति फिलहाल सामान्य होती नजर नहीं आ रही है. उन्होंने कहा कि युद्धविराम की संभावना अभी दूर दिख रही है और ऐसे समय में हर भारतीय की जिम्मेदारी बढ़ जाती है. मंत्री ने लोगों से प्रधानमंत्री की अपील को गंभीरता से लेने और अपने स्तर पर योगदान देने की बात कही.

उन्होंने कहा कि भारत भले ही इस संकट का कारण नहीं है, लेकिन वैश्विक हालात का असर देश की अर्थव्यवस्था और आम लोगों पर पड़ रहा है. दुनिया इस समय अस्थिरता के दौर से गुजर रही है और ऐसे में ऊर्जा बचत, विदेशी मुद्रा संरक्षण और घरेलू संसाधनों के बेहतर उपयोग की जरूरत है.

 जनता का मांगा सहयोग 

अश्विनी वैष्णव ने लोगों से घरों और कारोबार में बिजली और तेल की खपत कम करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में हर छोटी बचत भी देश के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है. इसके साथ ही मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार संकट से निपटने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन जनता के सहयोग के बिना यह संभव नहीं होगा.

प्रधानमंत्री मोदी ने क्या कहा 

दरअसल, रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने देश को संबोधित करते हुए सात महत्वपूर्ण अपीलें की थीं. उन्होंने लोगों से ज्यादा से ज्यादा सार्वजनिक परिवहन जैसे मेट्रो, बस और ट्रेन का इस्तेमाल करने को कहा. प्रधानमंत्री ने याद दिलाया कि कोरोना काल में भी देशवासियों ने अनुशासन और संयम का परिचय दिया था, इसलिए मौजूदा चुनौती का सामना भी सामूहिक प्रयासों से किया जा सकता है.

सोने कम खरीदने पर दिया जोर 

प्रधानमंत्री ने विदेश यात्राओं को फिलहाल टालने और एक साल तक सोने की खरीद कम करने की भी अपील की. उनका कहना था कि इससे देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम होगा. पीएम मोदी ने कहा कि भारत के भीतर ही घूमने के लिए कई खूबसूरत स्थान मौजूद हैं और संकट के समय देशहित को प्राथमिकता देना जरूरी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो