12 जून को अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही क्रैश हुए एयर इंडिया के बोइंग 787 विमान की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सामने आ गई है। इस हादसे में 260 लोगों की मौत हो गई थी। भारत की एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की 15 पन्नों की रिपोर्ट में तकनीकी गड़बड़ियों और कॉकपिट में हुई बातचीत का ज़िक्र किया गया है, जो विमान के गिरने से ठीक पहले रिकॉर्ड हुई थी.
इस रिपोर्ट के सबसे हैरान करने वाले हिस्से में पायलटों के बीच हुई एक छोटी मगर बेहद अहम बातचीत को रिकॉर्ड किया गया है। एक पायलट ने दूसरे से पूछा – “Why did you cutoff the fuel?” (तुमने फ्यूल क्यों बंद किया?) जिस पर दूसरा पायलट बोला, 'मैंने ऐसा नहीं किया.' इस संवाद ने इस हादसे को लेकर कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं.
AAIB की रिपोर्ट के अनुसार, टेकऑफ के ठीक बाद दोनों इंजनों के फ्यूल कटऑफ स्विच को 'RUN' से 'CUTOFF' में बदला गया, जिससे दोनों इंजनों को फ्यूल मिलना बंद हो गया। यह प्रक्रिया मात्र एक सेकेंड के अंदर हुई, जिससे विमान ने हवा में थ्रस्ट खो दिया.
कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर से मिली जानकारी के अनुसार, जैसे ही दोनों इंजन बंद हुए, एक पायलट ने दूसरे से पूछा – "तुमने क्यों काट दिया? " जवाब मिला, "मैंने नहीं।" यह संवाद यह संकेत देता है कि या तो तकनीकी खराबी हुई या कॉकपिट में कुछ गलतफहमी हो गई.
टेकऑफ के कुछ ही सेकेंड बाद विमान अहमदाबाद के बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल पर गिरा। इस हादसे में 241 यात्री और क्रू मेंबर के साथ 19 ज़मीन पर मौजूद लोग भी मारे गए.
रिपोर्ट में बताया गया कि विमान 180 नॉट्स की स्पीड तक पहुंच चुका था, तभी दोनों इंजन ने एक साथ काम करना बंद कर दिया। इससे विमान ने तेजी से ऊंचाई और गति दोनों खो दी.
CCTV फुटेज में दिखा कि जैसे ही विमान ने उड़ान भरी, Ram Air Turbine (RAT) एक्टिव हो गया। यह सिस्टम तब चालू होता है जब एयरक्राफ्ट को बिजली की सप्लाई बंद हो जाए, जो इस बात की पुष्टि करता है कि इंजन टेकऑफ के दौरान ही बंद हो गए थे.
जब फ्यूल स्विच को दोबारा 'RUN' पर रखा गया, तो इंजन-2 ने थोड़ी देर के लिए रिकवरी की कोशिश की, लेकिन इंजन-1 दोबारा शुरू नहीं हो सका। इससे विमान को थ्रस्ट दोबारा नहीं मिल पाया.
जांच में यह भी सामने आया कि उड़ान के रास्ते में कहीं भी बर्ड एक्टिविटी नहीं पाई गई, जिससे यह तय हो गया कि यह हादसा बर्ड स्ट्राइक की वजह से नहीं हुआ. थ्रॉटल टेकऑफ पर था, मगर हादसे के बाद मिला 'Idle' मेAAIB की रिपोर्ट में कहा गया कि टेकऑफ के समय दोनों थ्रॉटल अपनी जगह Takeoff पॉजिशन पर थे, लेकिन क्रैश के बाद वे 'Idle' अवस्था में पाए गए। इसकी वजह इंजन के जलने से हुए थर्मल डैमेज को माना जा रहा है.
विमान का फ्रंट EAFR (Extended Airframe Flight Recorder) सुरक्षित रूप से रिकवर और डाउनलोड कर लिया गया है। हालांकि, पिछला रिकॉर्डर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे उसे पारंपरिक तरीकों से डिकोड नहीं किया जा सका.
फिलहाल जांच एजेंसी AAIB ने Boeing और GE इंजन निर्माताओं को कोई चेतावनी जारी नहीं की है, क्योंकि क्रैश का अंतिम कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है। संबंधित तकनीकी हिस्सों को क्वारंटीन कर दिया गया है और विस्तृत जांच जारी है. First Updated : Saturday, 12 July 2025