Assam Assembly Alection 2026: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को असम के सोनितपुर जिले के ढेकियाजुली में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अवैध घुसपैठियों की पूरी पहचान कर उन्हें उनके मूल देश वापस भेजना जरूरी है. उन्होंने स्वीकार किया कि पिछले दस साल में घुसपैठ पर काफी नियंत्रण लगाया गया है, लेकिन अब और सख्त कदम उठाने की जरूरत है.
शाह ने कहा कि असम में 9 अप्रैल को विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. मतदाताओं से अपील करते हुए उन्होंने जोर दिया कि इस बार वोट केवल किसी नेता को मुख्यमंत्री बनाने के लिए नहीं, बल्कि राज्य को घुसपैठियों से पूरी तरह मुक्त करने के लिए देना चाहिए. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले दस वर्षों में असम को आतंकवाद मुक्त बनाने का काम किया है.
अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में असम में गोलीबारी और बम धमाके आम बात थी. सैकड़ों युवा इन हमलों में अपनी जान गंवा चुके थे. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार ने कई समझौते किए और करीब दस हजार युवाओं को मुख्यधारा में लाकर शांति स्थापित की है.
शाह ने कहा कि आज असम में मोदी सरकार के प्रयासों से अभूतपूर्व शांति और स्थिरता है. उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने राष्ट्रीय सुरक्षा को कभी गंभीरता से नहीं लिया और सीमा पार से आने वाले खतरों को नजरअंदाज किया.
अपने भाषण में अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विभिन्न राज्यों में मतदाता सूचियों के विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) का विरोध कर रहे हैं. शाह के अनुसार, कांग्रेस अवैध प्रवासियों को संरक्षण देने की कोशिश कर रही है.
गृह मंत्री ने असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई से अपनी पार्टी का स्पष्ट रुख बताने की मांग भी की. उन्होंने कहा कि विपक्ष घुसपैठियों को बचाने में लगा है, जबकि भाजपा राज्य की सुरक्षा और विकास को प्राथमिकता दे रही है.
असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव 9 अप्रैल को होंगे. वोटों की गिनती 4 मई को होगी. अमित शाह ने मतदाताओं से अपील की कि वे भाजपा को समर्थन देकर एक शांतिपूर्ण, सुरक्षित और विकसित असम बनाने में योगदान दें. First Updated : Sunday, 29 March 2026