Independence Day 2025: देश की राजधानी दिल्ली स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक जश्न के लिए पूरी तरह तैयार है. 15 अगस्त को लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 12वां लगातार भाषण सुनने के लिए करीब 25,000 लोगों के पहुंचने की उम्मीद है. इस मौके पर सुरक्षा के इतने कड़े इंतजाम किए गए हैं कि पूरा शहर मानो एक अभेद्य किला बन जाएगा. संसद भवन से लेकर लाल किले तक हर कोना सुरक्षा घेरे में होगा, वहीं कई इलाकों को हाई-सिक्योरिटी जोन घोषित किया गया है.
दिल्ली पुलिस ने इस बार सुरक्षा के लिए अत्याधुनिक तकनीक और बहुस्तरीय निगरानी का सहारा लिया है. ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध होगा, हर प्रवेश द्वार पर फेस रिकग्निशन कैमरा वैन तैनात की जाएंगी, जबकि ऊंची इमारतों पर स्नाइपर्स तैनात रहेंगे.
एंटी-ड्रोन सिस्टम सक्रिय
800+ सीसीटीवी कैमरे से निगरानी
प्रवेश द्वारों पर फेस रिकग्निशन तकनीक से लैस कैमरा वैन
7,500 से अधिक सुरक्षा कर्मियों की तैनाती
उड़ने वाली वस्तुओं पर पूर्ण प्रतिबंध
ऊंची इमारतों पर स्नाइपर्स की तैनाती
लाल किले के भीतर 366 कैमरे से 24×7 निगरानी
दिल्ली पुलिस ने दो कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं- एक लाल किले के भीतर और दूसरा बाहर. 15 अगस्त को कुल 426 कैमरे एक्टिव मॉनिटरिंग में रहेंगे. इसके अलावा, लाल किले के स्थायी सीसीटीवी कंट्रोल रूम के जरिए पूरे साल 366 कैमरों से निगरानी की जाती है.
स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले को मल्टी-लेयर सुरक्षा कवच से घेरा जाएगा. इसमें दिल्ली पुलिस, अर्धसैनिक बल, एनएसजी कमांडो, एसपीजी कर्मी, मिलिट्री इंटेलिजेंस और अन्य एजेंसियां शामिल होंगी. 13 अगस्त को होने वाले फुल-ड्रेस रिहर्सल के दौरान आसपास के सभी बाजार और सड़कें बंद रहेंगी. इसके साथ ही कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू होगा.
दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग करें, पुलिस की 'आंख और कान' बनें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें. 14 अगस्त की दोपहर से लाल किले के आसपास का इलाका पूरी तरह सील रहेगा.
इस साल भारत अपनी 79वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ मना रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से अपने भाषण के लिए देशवासियों से सुझाव मांगे हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा– जैसे-जैसे हम इस साल के स्वतंत्रता दिवस के करीब पहुंच रहे हैं, मैं अपने साथी भारतीयों से सुनने के लिए उत्सुक हूं! आप इस साल के स्वतंत्रता दिवस भाषण में किन विषयों या विचारों को प्रतिबिंबित होते देखना चाहेंगे?
First Updated : Monday, 11 August 2025