जम्मू में फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग की कोशिश, आरोपी बोला '20 साल से मौका तलाश रहा था'
जम्मू में एक शादी समारोह के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर गोली चलाने की कोशिश का मामला सामने आया है. हालांकि गोली निशाने से चूक गई और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत आरोपी को पकड़ लिया. पुलिस के मुताबिक हमलावर ने पूछताछ में दावा किया कि वह पिछले 20 सालों से उन्हें मारने की योजना बना रहा था.

नई दिल्ली: जम्मू में एक शादी समारोह के दौरान जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर गोली चलाने की कोशिश का मामला सामने आया है. यह घटना उस समय हुई जब समारोह में मौजूद एक व्यक्ति ने बेहद करीब से उन पर गोली चला दी, हालांकि किस्मत और सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया.
पुलिस के अनुसार आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया और उससे पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक जांच में किसी आतंकी साजिश की बात सामने नहीं आई है. पुलिस का कहना है कि घटना के समय हमलावर नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था.
आरोपी की पहचान और बयान
पुलिस ने हमलावर की पहचान जम्मू के निवासी 63 वर्षीय कमल सिंह जमवाल के रूप में की है. पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह लंबे समय से इस हमले की योजना बना रहा था.
उसने पुलिस को बताया, "मैं पिछले 20 सालों से फारूक अब्दुल्ला को मारना चाहता था. यह मेरा निजी मकसद था. यह हथियार मेरा अपना है, जो मुझे जारी किया गया था." आरोपी ने यह भी कहा, "खुशकिस्मत था कि बच गया."
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना
शादी समारोह के सीसीटीवी फुटेज में कमल सिंह जमवाल को फारूक अब्दुल्ला के पीछे से आते हुए देखा गया। फुटेज में वह बेहद करीब से उन पर बंदूक तानकर गोली चलाते हुए दिखाई देता है.
हालांकि गोली अपने निशाने से चूक गई. इससे पहले कि वह किसी को नुकसान पहुंचा पाता, मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत उसे काबू कर लिया.
शादी समारोह में पहुंचे थे नेता अधिकारियों के मुताबिक फारूक अब्दुल्ला और उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी अपने बेटे की शादी के मौके पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के एक नेता को बधाई देने के लिए कार्यक्रम में पहुंचे थे.
बताया गया कि गोलीबारी की घटना से पहले दोनों नेता करीब एक घंटे से अधिक समय से समारोह में मौजूद थे.
आरोपी का पेशा और पृष्ठभूमि
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कमल सिंह जमवाल जम्मू के पुराने इलाके में कुछ दुकानों का मालिक है। उसने पुलिस को बताया कि वह अपनी दुकानों से मिलने वाले किराए से अपना गुजारा करता है.
नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख पर असफल हमले के बाद उसने पुलिस को बताया, "आज मुझे मौका मिला, लेकिन वह (फारूक अब्दुल्ला) किस्मत वाला था कि बच गया।"
उपमुख्यमंत्री भी बाल-बाल बचे
घटना के समय जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी भी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे। गोलीबारी की इस घटना में वे भी बाल-बाल बच गए.
समाचार एजेंसी के अनुसार पुलिस ने बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई पिस्तौल हमलावर के कब्जे से बरामद कर ली गई है.
हमलावर नशे में था
पुलिस के मुताबिक आरोपी घटना के समय नशे की हालत में था और उस पर शराब का असर दिखाई दे रहा था.फारूक अब्दुल्ला पर हमले के बाद मौके पर मौजूद कुछ लोगों और नेशनल कॉन्फ्रेंस के कार्यकर्ताओं ने भी उसकी पिटाई कर दी.
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया क्या हुआ
पीटीआई के अनुसार प्रत्यक्षदर्शी राकेश सिंह ने बताया कि घटना उस समय हुई जब फारूक अब्दुल्ला समारोह से बाहर निकल रहे थे.उन्होंने कहा, "अब्दुल्ला ने मेहमानों के साथ खाना खाया। जब वह कार्यक्रम स्थल से बाहर निकल रहे थे तभी हमलावर ने गोलीबारी शुरू कर दी, लेकिन सौभाग्य से उन्हें चोट नहीं आई. हमलावर ने खुद को किसी अज्ञात 'जागरण मंच' का अध्यक्ष बताया और कहा कि वह नशे में था."
उमर अब्दुल्ला की प्रतिक्रिया
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री और फारूक अब्दुल्ला के बेटे उमर अब्दुल्ला ने कहा कि उनके पिता पर हुए हमले को सुरक्षा दल ने विफल कर दिया.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "अल्लाह दयालु है. मेरे पिता बाल-बाल बच गए। फिलहाल विवरण स्पष्ट नहीं हैं, लेकिन जो जानकारी मिली है उसके अनुसार, एक व्यक्ति भरी हुई पिस्तौल लेकर बिल्कुल करीब आ गया और गोली चला दी. सुरक्षा दल ने ही गोली को रोककर हत्या के प्रयास को विफल कर दिया. फिलहाल सवालों से ज्यादा जवाब नहीं हैं, जिनमें से एक यह भी है कि कोई व्यक्ति ज़ेड+ एनएसजी द्वारा संरक्षित पूर्व मुख्यमंत्री के इतने करीब कैसे पहुंच गया."
उपमुख्यमंत्री ने बताया सुरक्षा में बड़ी चूक
उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने इस घटना को सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक बताया.पीटीआई के अनुसार उन्होंने कहा, "यह सुरक्षा में बहुत बड़ी चूक है. जब एक पूर्व मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और एक सलाहकार किसी समारोह में मौजूद हों, और अगर कोई व्यक्ति बंदूक लेकर अंदर घुस सकता है, तो आप अंदाजा लगा सकते हैं कि सुरक्षा व्यवस्था कैसी रही होगी."
पुलिस के अनुसार पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है.


