गोपालगंज में मुजरे का आनंद लेते नजर अनंत सिंह, समर्थकों ने लुटाए नोट, देखें वीडियो

बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने गोपालगंज पहुंचे. इस दौरान विधायक के स्वागत के साथ-साथ एक विवादित पल भी देखने को मिला.

Sachin Hari Legha

बिहार: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने गोपालगंज पहुंचे, जहां उनके स्वागत का अंदाज चर्चा का विषय बन गया. बताया जा रहा है कि मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में आयोजित एक उपनयन संस्कार कार्यक्रम में उनके समर्थकों ने भव्य आयोजन किया. इस दौरान विधायक के पारंपरिक स्वागत के साथ-साथ एक विवादित पल भी देखने को मिला, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. आइए जानते है क्या है पूरा मामला. 

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल 

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि कार्यक्रम के दौरान कुछ लोग खुलेआम हथियार लहराते नजर आ रहे हैं. इसके अलावा, समारोह में मनोरंजन के लिए नृत्य कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था, जिसमें मंच पर कलाकारों ने नाच-गाना किया. कार्यक्रम के दौरान कई जहां कुछ लोग इस नाच-गाने का आनंद लेते दिखे तो वहीं कुछ समर्थक पैसे लुटाते हुए भी नजर आए.

सूत्रों के मुताबिक, इस कार्यक्रम में भोजपुरी कलाकारों का परफॉर्मेंस रखा गया था, जिससे माहौल और रंगीन हो गया. वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि विधायक कार्यक्रम में मौजूद हैं और मंच पर चल रहे कार्यक्रम का आनंद ले रहे हैं.

स्थानीय प्रशासन सतर्क 

हालांकि, इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसके सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन सतर्क हो गया है. पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही है. अगर जांच में हथियारों के प्रदर्शन या अन्य अवैध गतिविधियों की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

घटना को लेकर जांच जारी 

बता दें, सार्वजनिक कार्यक्रमों में हथियारों का प्रदर्शन कानूनन अपराध है और इससे कानून-व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ सकता है. ऐसे में प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है. फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है और लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है, जिससे साफ हो सके कि वायरल वीडियो में दिख रही घटनाएं कितनी सच हैं और इसके लिए कौन जिम्मेदार है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो