बिहार के वैशाली में खूनी खेल, घर पर सो रहे आर्मी जवान और पिता को उतारा मौत के घाट

बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासो गांव में आपसी रंजिश और रास्ते के विवाद को लेकर एक कलयुगी भतीजे ने अपने ही सगे चाचा और चचेरे भाई की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी.

calender

पटना: बिहार के वैशाली जिले से रविवार की सुबह-सुबह एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है. बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासो गांव में आपसी रंजिश और रास्ते के विवाद को लेकर एक कलयुगी भतीजे ने अपने ही सगे चाचा और चचेरे भाई की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी. इस जघन्य दोहरे हत्याकांड में 60 वर्षीय मुनारिक राय और उनके 35 वर्षीय बेटे जितेंद्र कुमार की मौत हो गई है. मृतक जितेंद्र कुमार भारतीय सेना में जवान थे. जो कुछ ही दिनों पहले छुट्टी लेकर अपने घर आए हुए थे. इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और तनाव की स्थिति बनी हुई है.

दरवाजे पर बैठे बाप-बेटे पर ताबड़तोड़ फायरिंग

स्थानीय सूत्रों और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, रविवार की सुबह मुनारिक राय और उनके फौजी बेटे जितेंद्र कुमार हमेशा की तरह अपने घर के दरवाजे पर बैठे हुए थे. इसी दौरान मुनारिक राय का सगा भतीजा अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ अचानक वहां आ धमका. दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया. भतीजे ने पिस्तौल निकालकर बाप-बेटे पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. गोलीबारी की आवाज सुनकर गांव में हड़कंप मच गया और भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा होने लगे. इस अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी भतीजा अपने सहयोगियों के साथ घटनास्थल से फरार हो गया.

जांच में जुटी पुलिस

वारदात की संवेदनशीलता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार और नगर थानाध्यक्ष सिकंदर कुमार तुरंत दल-बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजनों और चश्मदीदों से घटना की पूरी जानकारी ली है. शुरुआती जांच में हत्या की वजह जमीन और रास्ते का पुराना पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है. पुलिस प्रशासन ने गांव में किसी भी संभावित तनाव को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया है.

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

ग्रामीणों और परिजनों ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल मुनारिक राय और जितेंद्र कुमार को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद ही दोनों को मृत घोषित कर दिया. इस घटना की जानकारी मिलते ही सदर अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया. 

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि सेना के जवान जितेंद्र कुमार के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया है. मृतक मुनारिक राय क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित व्यक्ति थे और पूर्व में पंचायत चुनाव के दौरान मुखिया पद के लिए अपनी किस्मत भी आजमा चुके थे. First Updated : Sunday, 12 July 2026

Topics :