बिहार में शादी का जश्न बना मातम... नाच कार्यक्रम के दौरान भिड़े दो पक्ष, मारपीट में 17 वर्षीय लड़के की मौत
बिहार के जहानाबाद में शादी समारोह के दौरान नाच कार्यक्रम में विवाद के बाद बाराती और लड़की पक्ष के लोगों के बीच मारपीट हो गई. इस घटना में गंभीर रूप से घायल 17 वर्षीय सनी कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई.

जहानाबाद: बिहार के जहानाबाद जिले में एक शादी समारोह के दौरान हुई हिंसक झड़प ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया. नाच कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे चलने लगे. इस झड़प में 17 वर्षीय एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मृतक के गांव में शोक का माहौल है.
यह घटना जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र के बैना गांव की है. यहां सुरेंद्र चौधरी की बेटी की शादी का कार्यक्रम चल रहा था. पटना जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव से बारात आई हुई थी. शादी की रस्मों के साथ-साथ मनोरंजन के लिए नाच कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था, जिसमें नर्तकियां प्रदर्शन कर रही थीं. इसी दौरान बारात में शामिल कुछ युवकों और लड़की पक्ष के कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. शुरुआत में यह केवल बहस तक सीमित थी, लेकिन धीरे-धीरे मामला गंभीर हो गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई.
लाठी-डंडों से हुई मारपीट
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ लोगों ने लाठी-डंडे उठा लिए और बारात में आए युवकों पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से बाराती पक्ष के लोग घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. इस मारपीट के दौरान 17 वर्षीय सनी कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. उस समय अफरातफरी के कारण किसी को ठीक से पता नहीं चल पाया कि वह कहां है.
खेत में घायल अवस्था में मिला किशोर
कुछ समय बाद जब लोग अपने साथ आए रिश्तेदारों और परिचितों को ढूंढने लगे तो सनी कुमार खेत में घायल अवस्था में पड़ा मिला. वह बेहोश था और उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे. परिजनों और अन्य लोगों ने तुरंत उसे इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच अस्पताल रेफर कर दिया.
सनी कुमार को एंबुलेंस के जरिए पटना ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. इस खबर के सामने आते ही परिवार और गांव में मातम छा गया. मृतक की पहचान पटना जिले के फतेहपुर गांव निवासी सदन पंडित के पुत्र सनी कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह बारात में शामिल होने के लिए अपने रिश्तेदारों के साथ आया था.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई. शव को घोसी थाना लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई. इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को जहानाबाद सदर अस्पताल भेज दिया गया. इस मामले में मृतक के पिता के बयान के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.


